
करनाल/असंध : करनाल जिला के असंध में जींद रोड स्थित एक होटल में देह व्यापार का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रेड कर होटल की आड़ में चल रहे गलत धंधे का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 4 महिलाओं और 3 ग्राहकों को मौके से काबू किया, जबकि होटल संचालक और मैनेजर की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। असंध की स्पेशल यूनिट को 12 जून को शाम करीब 9 बजे बाईपास सालवन चौक पर गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली। जिसमें सामने आया कि जींद रोड पर होटल लग्जरी में देह व्यापार चल रहा है।
रूखी गोहाना निवासी रामबीर ने किराए पर बिल्डिंग लेकर होटल लग्जरी खोला हुआ है। यहां उसने हाट निवासी मंजीत कुमार और बागडू निवासी राहुल को मैनेजर के तौर पर रखा हुआ है। ये तीनों मिलकर ग्राहकों को फंसा कर होटल के कमरों में बाहर से महिलाओं को बुलाकर 1000 रुपए प्रति ग्राहक के हिसाब से देह व्यापार करवाते थे और उसमें से हिस्सा लेते थे। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस ने डीएसपी मुख्यालय करनाल से सर्च वारंट हासिल किया। साथ ही महिला पुलिस कर्मचारियों को भी टीम में शामिल किया। इसके बाद पूरी टीम को रेड के लिए तैयार किया गया।