Site icon Dainik Savera Times

बहादुरगढ़ एनकाउंटर : जिम संचालक हत्या में परिजन बोले- पुलिस का एनकाउंटर फर्जी

Bahadurgarh encounter : Family says police encounter was fake

Bahadurgarh encounter : Family says police encounter was fake

question on Bahadurgarh encounter : हांसी। जिम संचालक कपिल रेढ़ू की हत्या में प्रवेश और हिमांशु के एनकाउंटर को परिजनों ने फर्जी ठहराया है। उन्होंने पुलिस की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का कहना है कि दोनों के पेट, सीने और दिल पर गोली लगी थी।

परिजनों से लिया था प्रवेश का मोबाइल

हिसार के टिब्बा दानाशेर की गली नंबर-6 निवासी प्रवेश के पिता जयप्रकाश ने बताया कि जिम संचालक की हत्या वाले दिन पुलिस वाले उनके घर आए थे। उन्होंने कुछ फोटो दिखाए और पूछा कि क्या इनमें प्रवेश है। उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उनसे प्रवेश का फोटो मांगा और उसका मोबाइल साथ ले गए। इसके बाद से प्रवेश लापता था। रविवार सुबह सूचना मिली कि प्रवेश का एनकाउंटर हो गया है। पुलिस का कहना है कि प्रवेश की लोकेशन पुणे की मिली थी। सवाल यह है कि पुलिस ने उसे पुणे से पकड़ लिया था तो एनकाउंटर यहां कैसे हुआ। जयप्रकाश ने दावा किया कि पुलिस ने 9 एमएम की पिस्तौल से 30 मीटर की दूरी से प्रवेश को गोली मारी जबकि इसकी रेंज 20 मीटर होती है। प्रवेश के दिल, सीने और पैर में गोली लगी थी।

परिजनों ने उठाए एनकाउंटर पर सवाल

यह फर्जी एनकाउंटर है। जाखोदखेड़ा निवासी हिमांशु के पिता सुशील कुमार ने बताया कि जिम संचालक की हत्या वाले दिन दोपहर करीब ढाई बजे हांसी सीआईए स्टाफ उनके घर आया था और उन्हें जबरन अपने साथ ले गया। उन्होंने कहा कि हिमांशु की कपिल हत्याकांड में लिप्त शूटर से बातचीत हुई थी। इसका मतलब यह है कि उनका बेटा शूटर नहीं था। यदि वह शूटर नहीं था तो उसका एनकाउंटर क्यों किया। उसके दिल और पेट में गोली लगी थी। एनकाउंटर में तो केवल घुटनों के नीचे गोली मारी जाती है। प्रवेश के पिता जयप्रकाश ने बताया कि अभी प्रवेश की एक बहन अविवाहित है। वह चाहते थे कि दोनों की एक साथ ही शादी हो। जिम संचालक कपिल रेढ़ू हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता और विदेश में बैठे लॉरेंस गैंग के गुर्गे सुंदर टकला ने व्हाट्सएप संदेश भेजकर एनकाउंटर को फर्जी करार दिया है।

लॉरेंस गैंग के गुर्गे ने दिया लॉजिक

सुंदर ने मैसेज में कहा कि पुलिस ने दोनों लड़कों को केरल से पकड़ा था, जिसकी सीसीटीवी फुटेज उसके पास है। जिन दो शूटरों का बहादुरगढ़ में एनकाउंटर दिखाया है वह पूरी तरह फर्जी है। सुंदर ने पुलिस को चुनौती देते कहा कि उसके पास इस बात के पक्के सबूत और सीसीटीवी फुटेज हैं कि पुलिस ने दोनों को पहले ही हिरासत में ले लिया था। सुंदर ने दावा किया कि मारे गए दोनों लड़कों के पास कोई हथियार नहीं थे। जिस हथियार से जिम संचालक की हत्या की वह पहले से ही हांसी की सीआईए-2 टीम के पास है। सुंदर ने धमकी दी कि दो लड़कों के मारे जाने से यह मत समझना कि वह रुक जाएगा। अब वह कसूरवार और बेकसूर में फर्क नहीं करेगा। जो भी रास्ते में आएगा उसे मार दिया जाएगा।

Also Read :

Exit mobile version