
Rain, Hail and Gusty Winds Hit Haryana-NCR : नारनौल। पश्चिमी विक्षोभ के असर से हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में मौसम का मिजाज बदल गया है। कई जिलों में तेज हवाओं, आंधी और हल्की बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि दर्ज की गई। दिन और रात के तापमान में गिरावट से ठंडक बढ़ने लगी है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, आगामी दिनों में मौसम परिवर्तनशील रहने और अक्टूबर के अंतिम दिनों व नवंबर की शुरुआत में फिर बारिश की गतिविधियां होने की संभावना है।
दोपहर बाद हरियाणा के पश्चिमी हिस्सों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद और भिवानी में तेज हवाओं, आंधी-अंधड़ तथा हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं। कुछ स्थानों पर छिटपुट ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। रात के समय रोहतक, झज्जर, कैथल, जींद और कुरुक्षेत्र सहित एनसीआर व दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश, बूंदाबांदी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना बनी रही। मौसम में आए बदलाव के चलते हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली के अधिकतर स्थानों पर दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
तापमान सामान्य से नीचे बने हुए हैं, जिससे मौसम में हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, मौजूदा पश्चिमी मौसम प्रणाली का प्रभाव आने वाले दिनों में भी बना रह सकता है। इसके प्रभाव से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई है, जिसका असर मैदानी इलाकों के तापमान पर भी पड़ने की संभावना है। यदि हवाएं शांत रहीं तो बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा छा सकता है। आगामी दिनों में हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में मौसम परिवर्तनशील रहने का अनुमान है।
मौजूदा मौसम प्रणाली का प्रभाव रविवार को भी हरियाणा के उत्तरी जिलों में देखने को मिल सकता है। इसके चलते तापमान में और गिरावट आने तथा हल्की ठंड बढ़ने की संभावना है। वहीं, अक्टूबर महीने के अंतिम दिनों और नवंबर की शुरुआत में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में दोबारा बदलाव हो सकता है। इस दौरान क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम में होने वाले इन बदलावों से हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में धीरे-धीरे ठंड की शुरुआत होने के संकेत मिल रहे हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...