Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुरुक्षेत्र में दशहरा उत्सव आज, राज बब्बर होंगे मुख्य अतिथि

October 18, 2026

कुरुक्षेत्र में दशहरा उत्सव आज, राज बब्बर होंगे मुख्य अतिथि

Raj Babbar to Attend Kurukshetra Dussehra Celebration : कुरुक्षेत्र। ब्रह्मसरोवर स्थित केडीबी मेला ग्राउंड में 20 अक्टूबर को धर्मक्षेत्र दशहरा कमेटी की ओर से दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। फिल्म अभिनेता एवं पूर्व सांसद राज बब्बर मुख्य अतिथि होंगे, जबकि विधायक अशोक अरोड़ा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। सुबह 11 बजे भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। उत्सव में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रंगीन आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

उत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता एवं पूर्व सांसद राज बब्बर मुख्य अतिथि होंगे, जबकि थानेसर के विधायक एवं धर्मक्षेत्र दशहरा कमेटी के संरक्षक अशोक अरोड़ा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। उत्सव में दोपहर तीन बजे से पद्मश्री महावीर गुड्‌डू सांस्कृतिक कार्यकर्मों की प्रस्तुति देंगे। यह जानकारी कमेटी के सदस्यों ने आयोजन स्थल पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए दी। कमेटी के सदस्य एवं पूर्व पार्षद विवेक मेहता विक्की ने बताया कि दशहरा उत्सव में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम और रंगीन आतिशबाजी भी होगी।

इससे पहले 20 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जनता स्कूल के पास अंबेडकर भवन से भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। शोभायात्रा रोटरी चौक, छोटा बाजार, सीकरी चौक, पालिका बाजार, आहलूवालिया चौक और अंबेडकर चौक, गुरुद्वारा छठी पातशाही चौक से सन्निहित सरोवर से होते हुए मेला ग्राउंड पहुंचेगी। जहां शानदार और भव्य आतिशबाजी होगी। रावण दहन से पहले सोने की लंका का दहन होगा। रावण का पुतला मैं रावण हूं बोलता और हंसता हुआ दिखेगा। शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं की ओर से स्वागत किया जाएगा। इसके लिए स्वागत द्वार भी बनाए गए हैं।

शोभायात्रा में दिल्ली से बुलाया गया बैंड और आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। भगवान श्रीराम की शोभायात्रा के बाद मेला ग्राउंड में दशहरा उत्सव के मुख्य कार्यक्रम होंगे। उन्होंने नगर वासियों से धर्मक्षेत्र दशहरा कमेटी द्वारा आयोजित दशहरा उत्सव मे बढ़-चढ़कर भाग लेने का न्योता दिया। इस अवसर पर अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित सभा के पूर्व राष्ट्रीसय अध्यक्ष पंडित श्रीप्रकाश मिश्रा, एडवोकेट दीनानाथ अरोड़ा, वैश्य अग्रवाल पंचायत के प्रधान विशाल सिंगला, अग्रसेन पब्लिक स्कूल के प्रधान नितिन गोयल बंटू, श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा, इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन जलेश शर्मा, राधेश्याम गर्ग, विवेक भारद्वाज डब्बू और दीपक वर्मा मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें