करनाल/जींद। जींद जिले की एक महिला ने करनाल के बल्ला गांव निवासी कमल पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, जबरन गर्भपात कराने और आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर मूनक थाना पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला रोहतक महिला थाना भेज दिया है।
पीड़िता के अनुसार, उसका पति जुआ खेलने का आदी है और उसका व्यवहार खराब रहता था, जिसके कारण वह उससे परेशान थी। इसी दौरान जींद की एक जानकार लड़की ने उसकी पहचान बल्ला गांव के कमल से करवाई। महिला का कहना है कि आरोपी ने अपनी मां से उसकी बातचीत करवाकर शादी का भरोसा दिया। भरोसा मिलने पर वह 11 नवंबर 2024 को अपने दो बच्चों को छोड़कर आरोपी के साथ रहने चली गई।
रोहतक, बल्ला और मोहाली में शारीरिक शोषण का आरोप
शिकायत के अनुसार, कमल उसे पहले रोहतक ले गया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद दोनों 22 अप्रैल को बल्ला गांव लौटे। महिला ने जब शादी की बात उठाई तो आरोपी ने कहा कि उसके तलाक होने तक विवाह संभव नहीं है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी पिछले दो महीनों से न तो खर्च दे रहा है और न ही उससे बातचीत कर रहा है।
पीड़िता का कहना है कि उसे रोहतक और मोहाली में भी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया। साथ ही, जबरन गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया गया है।
पहले भी रोहतक थाने में दी थी शिकायत
महिला का कहना है कि 30 अप्रैल को जब आरोपी उसे रोहतक लेकर गया, तब भी उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान उसने रोहतक पुलिस थाने में शिकायत दी थी। शिकायत वापस लेने के बदले कमल ने लिखित में शादी करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ाई गई।
पुलिस जांच जारी
मूनक थाना प्रभारी ब्रिजपाल ने बताया कि मामले की घटनाएं रोहतक क्षेत्र से संबंधित हैं, इसलिए शिकायत को जीरो एफआईआर में दर्ज कर रोहतक महिला थाना को भेजा गया है। आगे की जांच वहीं की जाएगी

