मुलाना : गांव कलालटी मंगलवार सुबह गोलियों की आवाज से गूंज उठा। कलालटी-कल्याणा रोड पर दो कारों और चार-पांच मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए करीब 10-15 युवकों ने मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों पर कथित रूप से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दोनों भाइयों ने खेतों में भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान एक भाई की टांग में गोली लगने से वह घायल हो गया।
उसे उपचार के लिए अंबाला सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद हमलावरों की कार भी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। आरोपी कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही डीएसपी बराड़ा शिवम यादव, मुलाना थाना प्रभारी प्रमोद राणा, कलालटी चौकी इंचार्ज विश्व बंधू सहित सीआईए और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
कलालटी निवासी बलबीर ने बताया कि वह और उसके दो भाई खेतों से घास काटकर घर लौट रहे थे। उसके दोनों भाई बलविंद्र और राजसिंह मोटरसाइकिल पर सवार थे। कलालटी-कल्याणा रोड पर पीछे से दो कारों और चार-पांच मोटरसाइकिलों पर सवार होकर गांव के कुछ युवक अनिल वालिया, युधिष्ठिर, शेखर और राजू समेत करीब 10-15 युवक आए। आरोप है कि उन्होंने मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद कारों से उतरकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
एक गोली बलविंद्र की टांग में लगी। इसके बाद बलविंद्र और राजसिंह खेतों में भाग गए। बलबीर के अनुसार, वह तुरंत कलालटी चौकी पहुंचा, जहां उस समय केवल एक पुलिसकर्मी मौजूद था। उसका आरोप है कि वारदात के करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

