Site icon Dainik Savera Times

अति वांछित अपराधी हिमांशु के खिलाफ ‘रेड नोटिस’ जारी: हरियाणा पुलिस

चंडीगढ़: हरियाणा पुलिस ने शनिवार को कहा कि हत्या, हत्या के प्रयास, जालसाजी और जबरन वसूली के मामलों में कथित रूप से शामिल अति वांछित अपराधी हिमांशु उर्फ भाऊ के खिलाफ ‘रेड नोटिस’ जारी किया गया है। एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ‘रेड नोटिस’ इंटरपोल द्वारा जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि इस नोटिस के तहत विदेश में किसी भगोड़े को गिरफ्तार किया जा सकता है या हिरासत में लिया जा सकता है।उन्होंने बताया कि हिमांशु उर्फ भाऊ भारत से फरार होकर विदेश में रह रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 1.55 लाख रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है।

प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी रोहतक, झज्जर और दिल्ली पुलिस की अति वांछित अपराधियों की सूची में शामिल है।उन्होंने कहा कि उसके खिलाफ रोहतक और दिल्ली की अदालतों से गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि भगोड़े का पता लगाने के लिए ‘लुक-आउट सकरुलर’ भी जारी किया गया है। प्रवक्ता के अनुसार हिमांशु पर हत्या, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, डकैती और जबरन वसूली सहित कई अपराधों के लिए रोहतक जिले में 10, झज्जर जिले में सात और दिल्ली में एक मामला दर्ज है। पुलिस ने बताया कि भगोड़ा हिमांशु नीरज बवाना और नवीन बाली गिरोह से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार उसने फर्जी नाम, पते और फर्जी पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल कर पासपोर्ट हासिल किया था।

Exit mobile version