चरखी दादरी के बाढ़डा में ऑयल मिल में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। इस हादसे में मिल में रखा स्टॉक, मशीन और तेल आदि का नुकसान हुआ है। मामला बाढ़डा कस्बे में स्थित श्रीश्याम ऑयल मिल का है। जहां आग लगने के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग को शांत किया।
ऑयल मिल के मालिक मुकेश कुमार ने बताया कि सोमवार देर रात मिल में बिनौले से तेल निकालने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट होने से रिफाइनरी का हीटर फट गया और कुछ ही देर में पूरी मिल आग में समा गई। जिसके बाद डायल–112 पर सूचना दी गई।
सूचना मिलने के कुछ देर बाद घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने कड़ी मेहनत और मशक्कत के बाद तीन घंटे बाद आग पर काबू पा पाया । ऑयल मिल में आग काफी भड़क चुकी थी। जिसकी लपटे दूर से देखी जा सकती थी। आग को शांत करने के बाद मिल में धुआं फैल गया।
मिल मालिक को इस हादसे में लाखों का नुकसान हुआ है। आग लगने से मिल में मौजूद स्टॉक, पहले से निकाला हुआ तेल और मशीनरी जाल चुकी है। इसके अलावा बिल्डिंग और वायरिंग आदि को भी नुकसान हुआ है। अंदाजतन मालिक को लाखों का नुकसान हुआ है।

