Site icon Dainik Savera Times

रेवाड़ी के बैंक में दिनदहाड़े हुई 10.70 लाख की लूट, CCTV में कैद हुई वारदात

हरियाणा डेस्क: रेवाड़ी जिले के बावल क्षेत्र में आज सुबह एक बड़ी लूट की घटना सामने आई। दो चोरों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की बावल शाखा में दिनदहाड़े 10 लाख 70 हजार रुपए से भरे एक बैग को चोरी कर लिया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और अब पुलिस इन चोरों की पहचान करने में जुटी है।

-आज सुबह हुई वारदात

यह वारदात आज सुबह तब हुई, जब विजय सिंह नामक व्यक्ति, जो गांव प्रहलादपुर का निवासी है और भाड़ावास स्थित अश्विनी पेट्रोल पंप में मैनेजर के तौर पर काम करता है, दो बैग में करीब 20 लाख रुपए लेकर बैंक पहुंचा। विजय ने दोनों बैग्स को कैश काउंटर के पास रखा और फिर कुछ समय के लिए बैंक के वाशरूम में गया। जब वह वापस लौटा, तो एक बैग जिसमें 10 लाख 70 हजार रुपए थे, गायब था।

-बैंक में मचा हड़कंप

विजय ने इस घटना की सूचना तुरंत बैंक कर्मचारियों को दी, जिसके बाद बैंक में हड़कंप मच गया। यह जानकारी पुलिस को दी गई और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें दो युवक बैग लेकर जाते हुए दिखाई दिए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस अब चोरों की तलाश में जुटी है।

-पुलिस का बयान

रेवाड़ी के डीएसपी ने बताया, “आज सुबह हमें जानकारी मिली कि एक युवक कैश से भरा बैग लेकर बैंक में आया था, और जैसे ही वह वाशरूम गया, दो बदमाशों ने बैग चुराया और फरार हो गए। हमने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच शुरू कर दी है और मामले की गंभीरता को देखते हुए एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही चोरों को पकड़ने के लिए कार्रवाई की जा रही है।”

Exit mobile version