Site icon Dainik Savera Times

रेवाड़ी NH-48 पर चलती कार में आग, युवक की जान बाल-बाल बची

रेवाड़ी। दिल्ली–जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनीपुर चौक फ्लाईओवर के पास शनिवार तड़के एक ब्रेज़ा कार अचानक धू-धू कर जल उठी। हादसे में गाज़ियाबाद के रहने वाले मोहित की जान बाल-बाल बच गई, जबकि कार पूरी तरह राख हो गई।

पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब 3 बजे हुई, जब मोहित अपनी कंपनी की मीटिंग में शामिल होने के लिए गाजियाबाद से जयपुर जा रहा था। तभी NH-48 पर नीलगाय अचानक सड़क पर आ गई। नीलगाय को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद बोनट से धुआं उठने लगा।

देखते ही देखते कार में आग फैल गई। मोहित ने पहले खुद आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर तुरंत कंट्रोल रूम पर 100 नंबर डायल कर सूचना दी। खबर मिलते ही NHAI टीम और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, मगर तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। जांच अधिकारी एएसआई मनीष ने बताया कि आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका है। कार को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। मोहित को मेडिकल जांच के लिए कसैला थाना भेजा गया।

Exit mobile version