Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा-पंजाब सीमा पर सड़क हादसा, रेत से भरे ट्रक ने क्रेटा कार को मारी टक्कर, चार गंभीर घायल

June 15, 2026

हरियाणा-पंजाब सीमा पर सड़क हादसा, रेत से भरे ट्रक ने क्रेटा कार को मारी टक्कर, चार गंभीर घायल

गुहला चीका डेस्कः हरियाणा-पंजाब सीमा से आज एक बड़ी सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार और कथित लापरवाही ने एक गंभीर हादसे को जन्म दिया। चीका-समाना रोड पर रेत से भरे एक ट्रक ने सामने से आ रही क्रेटा कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि ट्रक चालक और कंडक्टर नशे की हालत में थे। पूरी घटना पीछे चल रही एक गाड़ी के डैश कैमरे में भी कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, चीका से समाना जाने वाले मार्ग पर गांव अजीमगढ़ के पास तेज रफ्तार से जा रहा रेत से भरा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही क्रेटा कार से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे चारों घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले समाना के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक और कंडक्टर नशे में थे, जिसके चलते लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

इस बीच, हादसे का पूरा घटनाक्रम ट्रक के पीछे चल रही एक गाड़ी के डैश कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में ट्रक की तेज रफ्तार और कथित लापरवाही साफ दिखाई दे रही है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की गहन पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। डैश कैमरा फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब बड़ा सवाल यह है कि सड़कों पर दौड़ रहे भारी वाहनों की लापरवाही पर आखिर कब लगाम लगेगी?

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें