Site icon Dainik Savera Times

रोहतक: महम में शराब ठेके के सेल्समैन पर फायरिंग, आरोपी गैंगस्टर गिरफ्तार

रोहतक। महम के गांव भैणी सुरजन में बुधवार शाम करीब सात बजे शराब ठेके के सेल्समैन मनोज पर ताबड़-तोड़ फायरिंग की गई। गोली लगने से मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक गोली उसके हाथ में और दूसरी पेट में लगी।

ठेकेदार ने पुलिस को बताया कि हमला पुराने आर्थिक विवाद के चलते हुआ। ठेकेदार अंशुल ने कहा कि उसका ठेका गांव भैणी सुरजन और सैमान में चल रहा था। इसके पहले वह मनीष नामक व्यक्ति के साथ पार्टनर था। हालांकि, पैसों के लेन-देन के कारण साझेदारी खत्म हो गई। इसके बाद मनीष और उसका पूर्व साझेदार उससे रंजिश रखने लगे।

पुलिस के अनुसार, मनीष ने सुमित उर्फ छोटा से संपर्क कर ठेकेदार को धमकी दी थी और मंथली की मांग की थी। 15 अक्टूबर को मनीष अपने भाई विकास और दो अन्य लोगों के साथ ठेके पर आया। वहीं, सुमित ने मनीष को फोन कर हत्या की धमकी दी।

हमले की रात, मनीष का भाई विकास पहले से ही ठेके पर था, जबकि मनीष दो अन्य साथियों के साथ बाइक से पहुंचा। उन्होंने जान से मारने की नियत से सेल्समैन मनोज पर फायरिंग की।

पुलिस ने बताया कि सुमित उर्फ छोटा गांव सैमान का निवासी है और यह गैंगस्टर विकास उर्फ मटरी का सगा चाचा का बेटा है। सुमित करीब 10 महीने पहले जिला कारागार हिसार से जमानत पर आया था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, छीना-झपटी और झगड़े समेत 14 मुकदमे दर्ज हैं। 20 मई 2025 को महम-गोहाना रोड स्थित शराब ठेके पर भी उसने फायरिंग करवाई थी।

महम थाना प्रभारी सुभाष सिंह ने बताया कि ठेकेदार के बयान के आधार पर सुमित समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही, घटना की सीसीटीवी फुटेज भी जांच में ली जा रही है।

Exit mobile version