Rohtak Road Accident: हरियाणा डेस्क: जयपुर-आगरा हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बता दें कि, यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब हरियाणा के रोहतक जिले के खेड़ी साध गांव का एक परिवार मेहंदीपुर बालाजी मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहा था। रास्ते में उनकी कार एक सड़क किनारे खड़े भारी कैंटर से टकरा गई, जिससे कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
-मृतकों की पहचान
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान प्रमिला (46), उनका बेटा दीपांशु (21), बेटी साक्षी (17) और पड़ोस की महिला राजबाला (60) के रूप में हुई है। हादसे की भयावहता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई और सभी लोग अंदर फंस गए। राहत और बचाव कार्य में जुटी टीम को घायलों को बाहर निकालने में करीब आधा घंटा लग गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
-मौके पर पहुंची पुलिस
आईएमटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की गहराई से जांच की जाएगी, हालांकि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाईवे किनारे खड़े भारी वाहन की वजह से यह दुर्घटना हुई।
यह हादसा एक बार फिर से हमारे ट्रैफिक सिस्टम की खामियों और भारी वाहनों के लापरवाह खड़े रहने की घातक प्रवृत्ति को उजागर करता है। सवाल उठता है कि कब तक हाईवे पर ऐसी जानलेवा लापरवाहियां मासूम जिंदगियों को निगलती रहेंगी?

