प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पहुंची आरपीएस की विभिन्न शाखाओं की टीमों ने खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। समारोह में आरपीएस ग्रुप के सीईओ इंजीनियर मनीष राव मुख्य अतिथि रहे, जबकि समाजसेवी सतवीर सिंह बोहरा, शिक्षाविद विक्रम सिंह, मेस कमांडर ललित कुमार और राजेंद्र सिंह यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य डॉ. किशोर तिवारी ने की।
मुख्य अतिथि इंजीनियर मनीष राव ने कहा कि खेल केवल हार-जीत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये जीवन में विपरीत परिस्थितियों का सामना करने, धैर्य रखने और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। खेलों से व्यक्तित्व का निखार होता है और स्वस्थ जीवन के साथ सशक्त राष्ट्र के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खेलों के क्षेत्र में करियर की अपार संभावनाएं हैं। विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. किशोर तिवारी ने कहा कि स्व. डॉ. ओपी यादव का सपना विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना था। आरपीएस स्पार्टन्स जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सहयोग की भावना विकसित करती हैं। समापन समारोह में विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबले हुए। जीत दर्ज करने वाली टीमों के खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला और मैदान में जश्न का माहौल रहा।
कबड्डी में महेंद्रगढ़ ने प्रथम, हांसी ने द्वितीय और रोहतक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लड़कों की वॉलीबॉल कक्षा 11वीं-12वीं में महेंद्रगढ़ प्रथम, नारनौल द्वितीय और करनाल तृतीय रहा। कक्षा 9वीं-10वीं की लड़कों की वॉलीबॉल में नारनौल प्रथम, महेंद्रगढ़ द्वितीय और करनाल तृतीय स्थान पर रहा। लड़कियों की वॉलीबॉल कक्षा 11वीं-12वीं में महेंद्रगढ़ प्रथम, नारनौल द्वितीय और भिवानी तृतीय रहा, जबकि कक्षा 9वीं-10वीं में नारनौल प्रथम, कनीना द्वितीय और महेंद्रगढ़ तृतीय स्थान पर रहा।
बैडमिंटन अंडर-14 लड़कों के वर्ग में रोहतक प्रथम, नारनौल द्वितीय और महेंद्रगढ़ तृतीय रहा। अंडर-17 लड़कों के वर्ग में करनाल प्रथम, रोहतक द्वितीय और नारनौल तृतीय स्थान पर रहा। अंडर-14 लड़कियों में रोहतक प्रथम, भिवानी द्वितीय और महेंद्रगढ़ तृतीय रहा, जबकि अंडर-17 लड़कियों में महेंद्रगढ़ प्रथम, हिसार द्वितीय और नारनौल तृतीय स्थान पर रहा। लड़कों के अंडर-19 बैडमिंटन वर्ग में भिवानी प्रथम, महेंद्रगढ़ द्वितीय और कनीना तृतीय रहा। बैडमिंटन अंडर-19 के अन्य वर्ग/लड़कियों में महेंद्रगढ़ प्रथम, नारनौल द्वितीय और भिवानी तृतीय स्थान पर रहा।
बास्केटबॉल में भी महेंद्रगढ़ की टीमों का दबदबा रहा। लड़कों के कक्षा 6वीं-8वीं वर्ग में महेंद्रगढ़ प्रथम, रोहतक द्वितीय और हांसी तृतीय रहा। लड़कियों के कक्षा 6वीं-8वीं वर्ग में महेंद्रगढ़ प्रथम, नारनौल द्वितीय और भिवानी तृतीय स्थान पर रहा। लड़कियों के कक्षा 9वीं-12वीं वर्ग में महेंद्रगढ़ प्रथम, भिवानी द्वितीय और रोहतक तृतीय रहा। वहीं, लड़कों के कक्षा 9वीं-12वीं वर्ग में महेंद्रगढ़ प्रथम, कनीना द्वितीय और हांसी तृतीय स्थान पर रहा।
समारोह के अंत में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने विजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। आरपीएस ग्रुप की चेयरपर्सन डॉ. पवित्रा राव और डिप्टी सीईओ कुनाल राव ने भी सभी विजेता खिलाड़ियों तथा आयोजन टीम को सफल आयोजन की बधाई दी। इस अवसर पर बीएड कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शशी कुमार, विद्यालय के डीन एलएन गौड़, पवन तिवारी, उपप्राचार्य दिनेश कुमार, विंग हेड देवेंद्र पूनिया, जिले सिंह, अमित कुमार, साक्षी मलिक, अनिता अहलावत, राजसिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

