रोहतक: रोहतक की एक कंपनी से केमिकल खरीदने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। कंपनी ने एजिथ्रोमाइसिन नामक केमिकल खरीदने के लिए 22 लाख से अधिक में सौदा तय किया था और 5.5 लाख रुपये एडवांस भी दे दिए थे। लेकिन बाद में आरोपियों ने न तो पैसे लौटाए और न ही केमिकल भेजा। जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस के चक्कर लगाने के बाद कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज हुआ है। रोहतक के सेक्टर 3 निवासी प्रियंका मौर्य ने अर्बन एस्टेट थाने में ठगी की शिकायत दी। उसने बताया कि उसकी एआईपी केमिकल्स एंड मेटल ट्रेडिंग कंपनी है।
उसने एक कंपनी से 200 किलो एजिथ्रोमाइसिन केमिकल 9370 रुपये प्रति किलो के हिसाब से 22 लाख 11 हजार 320 रुपये में खरीदने का सौदा तय किया। 25 सितंबर 2023 को उसने उक्त कंपनी के खाते में 5 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद अभी तक आरोपियों ने न तो केमिकल भेजा और न ही एडवांस रकम वापस की। इसके लिए आरोपी कंपनी से कई बार संपर्क किया गया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं आया। 9 अक्टूबर को आरोपियों की तरफ से नोटिस भी मिला, जिसमें बकाया पैसे की मांग की गई थी।
माल मिलने के बाद बकाया रकम चुकाने की बात तय हुई थी। लेकिन एडवांस रकम लेने के बाद भी माल नहीं भेजा गया। आरोपियों की शुरू से ही ठगी करने की नीयत थी। पीड़ित ने बताया कि जब उसने आरोपियों से फोन पर बात की तो वे गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों ने धमकी भी दी कि वे कुछ नहीं कर सकते। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर उसे कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। जिसके बाद कोर्ट ने केस दर्ज कर जांच के आदेश दिए। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

