Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा विधानसभा में हंगामा: निर्दलीय विधायक ने राज्यसभा उम्मीदवार को वोट की अपील की, कांग्रेस ने आपत्ति जताई

March 9, 2026

हरियाणा विधानसभा में हंगामा: निर्दलीय विधायक ने राज्यसभा उम्मीदवार को वोट की अपील की, कांग्रेस ने आपत्ति जताई

हरियाणा डेस्क। हरियाणा विधानसभा में सोमवार को राज्यसभा चुनाव को लेकर हलचल रही। निर्दलीय विधायक राजेश जून ने सदन में राज्यसभा उम्मीदवार सतीश नांदल को वोट देने की अपील की, जिस पर कांग्रेस विधायकों ने तीखी आपत्ति जताई। इस दौरान स्पीकर ने साफ कहा कि 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव के संबंध में सदन में कोई चर्चा या बात नहीं होगी।

कांग्रेस विधायक रेनू बाला ने सदन में अवैध खनन का गंभीर मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र सढोरा में खनन माफियाओं ने हाल ही में दो पत्रकारों पर हमला किया है। रेनू बाला ने सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की। साथ ही, उन्होंने सढोरा में बढ़ते नशे की समस्या पर भी ध्यान आकर्षित किया और कहा कि नशे की लत में फंसकर युवा बर्बाद हो रहे हैं। उन्होंने इस पर सख्त कार्रवाई की अपील की।

विधानसभा में आयुष्मान भारत-आयुष्मान हरियाणा योजना के तहत निजी अस्पतालों द्वारा इलाज बंद करने के मुद्दे पर भी चर्चा शुरू हुई। विधायक अशोक अरोड़ा ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान कहा कि राज्य में करीब 600 निजी अस्पताल इलाज बंद कर चुके हैं, क्योंकि सरकार पर इन अस्पतालों का 700 से 800 करोड़ रुपए का बकाया है।

इस पर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने जवाब देते हुए कहा कि प्रस्ताव में दी गई जानकारी सही नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हरियाणा में सभी अस्पतालों में मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। आरती राव ने बताया कि आयुष्मान प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना देश की सबसे बड़ी सरकारी स्वास्थ्य योजना है, जिसके तहत हर लाभार्थी को हर साल 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिलता है।

स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि हरियाणा में अब तक 2 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। राज्य में 777 अस्पताल योजना में शामिल हैं और इलाज दे रहे हैं। इस वर्ष अब तक 82 हजार इलाज के दावे प्राप्त हुए हैं, जो दर्शाता है कि इलाज पूरी तरह जारी है। इस साल अस्पतालों को 950 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। अब तक कुल 32 लाख लोगों का इलाज हो चुका है, जिसके लिए 2800 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें