Site icon Dainik Savera Times

स्पेयर पार्ट्स गोदाम में रहस्यमयी आग, लाखों का नुकसान

शाहाबाद। माजरी रोड स्थित शाहाबाद स्टेशन क्षेत्र में रविवार देर रात अचानक एक स्पेयर पार्ट्स गोदाम में भड़की आग से अफरा-तफरी मच गई। गोगा माड़ी के सामने बने इस गोदाम में लगी भीषण आग ने कुछ ही मिनटों में अंदर रखा सामान राख में बदल दिया। दुकान मालिक रॉकी के अनुसार, करीब 15 से 20 लाख रुपये की सामग्री पूरी तरह जल गई।

आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को कॉल किया। रात लगभग 10:45 बजे फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुँच गईं और डायल 112 की यूनिटों ने क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए मोर्चा संभाला।

स्पेयर पार्ट्स और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण लपटें बेहिसाब बढ़ती चली गईं। आग पर काबू पाने में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए फायर कर्मियों ने अपनी कार्ययोजना बदली। एक टीम ने सामने से लगातार पानी का दबाव बनाए रखा, जबकि दूसरी टीम ने ऊपर लगी सीमेंटेड चादरें तोड़कर छत के रास्ते अंदर से पानी डालना शुरू किया। भारी मेहनत और वैकल्पिक रणनीति अपनाने के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया।

दुकान मालिक रॉकी ने बताया कि गोदाम में किसी प्रकार की बिजली वायरिंग मौजूद नहीं थी। उन्होंने आशंका जताई कि आसपास चल रहे किसी शादी समारोह में छोड़े गए पटाखों की चिंगारी उड़कर गोदाम में गिर सकती है, जिससे आग फैली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आग के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version