रोहतक: रोहतक के आईएमटी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ के दौरान बलियाणा गांव में पिता-पुत्र की हत्या के मुख्य आरोपी संजय को गोली लगी है जबकि मुठभेड़ में भागने के दौरान 2 अन्य आरोपियों को चोट लग गई। पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को काबू कर लिया है और उन्हें इलाज के लिए पीजीआईएमएस में दाखिल कराया गया है। पुलिस टीम ने मौके से वारदात में प्रयुक्त 2 पिस्तौल, 3 जिंदा कारतूस, 3 खाली कारतूस, एक बुलेट मोटरसाइकिल व एक स्कूटी बरामद की है। गौरतलब है कि 7 नवंबर को बलियाणा गांव में धर्मबीर और उसके बेटे दीपक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस हत्या के मामले में आईएमटी पुलिस स्टेशन में मुख्य आरोपी बलियाणा गांव निवासी संजय के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इस हत्याकांड को संजय ने अपने 4 साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। दरअसल वर्ष 2023 में संजय के भाई जगबीर की गोली मारकर हत्या की गई थी। जगबीर की हत्या के आरोप में धर्मबीर का बड़ा बेटा सचिन रोहतक जेल में बंद है। संजय ने भाई की हत्या का बदला लेने के लिए ही पिता-पुत्र की हत्या की थी। पुलिस टीम ने 7 नवंबर को ही सोनीपत जिला के खरखौदा के पास दोहरे हत्याकांड में शामिल बलियाणा गांव निवासी हिमांशु और सन्नी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। उस दौरान हिमांशु को 2 गोली और सन्नी को एक गोली लगी थी। उनके कब्जे से 2 अवैध हथियार व 2 कारतूस बरामद हुए थे।
रोहतक पुलिस लगातार हत्या के मुख्य आरोपी संजय व अन्य दो आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। अपराध जांच शाखा प्रथम की टीम को शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे सूचना मिली कि संजय अपने दो साथियों के साथ आईएमटी क्षेत्र में मौजूद है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मोटरसाइकिल व स्कूटी पर सवार तीनों आरोपियों ने भागना शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने पकड़ने की कोशिश तो उस पर फायरिंग की गई। पुलिस टीम ने बचाव में फायरिंग कर दी। इस दौरान मुख्य आरोपी संजय के पैर में गोली लगी। जबकि भागते समय 2 अन्य आरोपियों को चोट लग गई। इन आरोपियों की पहचान रोहतक जिला के कसरैंटी गांव निवासी वीरेंद्र उर्फ टिंकू और रोहित उर्फ काला के रूप में हुई।
उन्हें इलाज के लिए तुरंत पीजीआईएमएस में दाखिल कराया गया। पुलिस टीम को मौके से वारदात में प्रयुक्त 2 अवैध पिस्तौल, 3 जिंदा कारतूस, 3 खाली कारतूस, एक बुलेट मोटरसाइकिल व एक स्कूटी बरामद हुई है। रोहतक पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि मुख्य आरोपी संजय और अन्य 2 आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक केस दर्ज हैं। पीजीआईएमएस में इलाज के बाद आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। अब तक की जांच में यह बात साबित हो चुकी है कि इन आरोपियों को एक और युवक की हत्या करनी थी। उन्होंने बताया कि पिता-पुत्र की हत्या की साजिश संजय ने ही रची थी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...