Site icon Dainik Savera Times

पुलिस पर फायरिंग करने वाला चिट्टा तस्कर संजू गिरफ्तार; प्रोडक्शन वारंट पर लाई पुलिस

कुरुक्षेत्र : शाहाबाद पुलिस ने पुलिस टीम पर फायरिंग करने और नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में फरार आरोपी संजू निवासी कैथल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर मामले में गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। थाना शाहाबाद प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंधु ने बताया कि 19 अक्टूबर 2026 को शहर शाहाबाद पुलिस चौकी प्रभारी पीएसआई मांगे राम अपनी टीम के साथ गश्त पर थे।

इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर जंधेड़ी रोड पर नहर के पास नाकाबंदी की गई। पुलिस टीम ने एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी लेने का प्रयास किया तो उसमें सवार युवक ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस कर्मचारी बाल-बाल बचा। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया। टीम ने कार चालक गौरव निवासी जंधेड़ी को काबू कर लिया। कार की तलाशी लेने पर करीब 40 लाख रुपये कीमत का 200 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया था। अगले दिन 20 अक्टूबर को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी संजू की टांग में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया था। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा भी बरामद हुआ था। थाना प्रभारी के निर्देश पर 23 नवंबर को पुलिस टीम ने संजू को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ शाहाबाद थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।

Exit mobile version