कैथल। डीएमसी में नाम सही कराने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले एक स्कूल संचालक हरिओम हुड्डा को विजिलेंस टीम ने 50 हजार के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने दस्तावेज में नाम ठीक करवाने की एवज में शिकायतकर्ता से मोटी रकम की मांग की थी। वह मूल रूप से रोहतक का रहने वाला है और बड़सीकरी गांव में गीता निकेतन सीनियर सेकेंडरी चलाता है।
मांगे थे 75 हजार, 50 हजार में सौदा तय
खुराना रोड निवासी रामचंद्र की पुत्रवधू की डीएमसी में नाम की त्रुटि होने के कारण उसे आईडी बनाने में परेशानी आ रही थी। इस समस्या के समाधान के लिए रामचंद्र ने स्कूल संचालक हरिओम हुड्डा से संपर्क किया। आरोप है कि इस काम के बदले हरिओम ने पहले 75 हजार रुपये की मांग की। बाद में बातचीत के दौरान सौदा 50 हजार रुपये में तय हो गया। शिकायत के बाद विजिलेंस ने बिछाया जाल : शिकायतकर्ता रामचंद्र ने पूरे मामले की जानकारी जिला विजिलेंस टीम को दी। इसके बाद विजिलेंस टीम प्रभारी सूबे सिंह ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।
अभी चल रही है जांच
टीम ने शिकायतकर्ता को विशेष रसायन लगे नोट देकर आरोपी को रिश्वत देने के लिए स्कूल भेजा। जैसे ही रामचंद्र ने आरोपी को 50 हजार रुपये दिए, उसी समय विजिलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर हरिओम हुड्डा को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद विजिलेंस टीम आरोपी को अपने साथ आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के लिए ले गई। विजिलेंस इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आगामी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read :
Also Read :
Also Read :
Also Read :

