फतेहाबाद में स्कूल वैन में आग लगने का मामला सामने आया है। चलती हुई स्कूली वैन में अचानक से धुआं निकलने लगा, जिसके बाद चालक ने वैन को साइड से रोक कर दमकल विभाग को सूचित किया। हादसे के दौरान वन में विभिन्न कक्षा में अध्ययनरत कुल 12 विद्यार्थी मौजूद थे।
वैन चालक सुबह के समय विद्यार्थियों को वैन में बिठा कर स्कूल के जा रहा था। इसी बीच अचानक से वैन से धुआं निकलने लगा। जिसे देख कर बच्चों के बीच डर का माहौल बन गया। बड़ी ही सावधानी से वैन चालक ने गाड़ी को एक तरफ साइड में रोका और राहगीरों की मदद ली।
मामला भट्टू रोड का है। जब सुबह के समय शारदा सीनियर सेकेंडरी स्कूल की वैन का ड्राइवर बच्चों को लेकर भट्टू रोड पर पहुंचा तो वैन से अचानक धुआं निकलने लगा। जिसके बाद वैन से आग की चिंगारी भी निकलने लगी। कुछ ही देर बाद गाड़ी से आग की लपटें भी उठने लगी।
गाड़ी रोक चालक ने राहगीरों की मदद से बच्चों को सुरक्षित गाड़ी से बाहर निकाला और दमकल विभाग को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर दमकल की गाड़ियां और स्कूल प्रबंधक हरदीप के साथ–साथ पेरेंट्स भी पहुंच गए। कुछ ही देर में वन के लगी आग पर दमकल कर्मियों द्वारा काबू पा लिया गया।बच्चों को दूसरे वाहन का प्रबंध कर स्कूल पहुंचाया गया।

