Site icon Dainik Savera Times

स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार तीन दोस्तों को कुचला, परिजन बोले- ये हादसा नहीं हत्या !

scorpio-crushed-friends-an-accident-or-murder

scorpio-crushed-friends-an-accident-or-murder

पानीपत। समालखा के तहत आने वाले गांव डिकाडला में देररात खेत से लौट रहे स्कूटी सवार तीन युवकों को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कुचल दिया। इससे तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। मृतकों की पहचान विनोद, नरेंद्र और अनीप के रूप में हुई है।

परिजन नहीं मान रहे इसे हादसा

स्थानीय लोगों की मानें तो तीनों युवक देर रात खेतों से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इससे तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक दीपक के भाई और ब्लॉक पार्षद अमित ने इस घटना को महज सड़क हादसा मानने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं है। तीन-तीन युवकों की एक साथ मौत होना कई सवाल खड़े करता है। हमें पूरा विश्वास है कि यह पूर्व नियोजित और सुनियोजित हत्या है। पुलिस निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।पूरे मामले की गहन जांच सीआईए और किसी उच्च स्तरीय जांच एजेंसी से कराई जाए, जिससे कि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिले।

आरोपी पकड़ने के लिए तीन टीमें तैयार

घटना की सूचना मिलते ही समालखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। मामले में डीएसपी नरेंद्र ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। परिजनों की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है, जिसे गंभीरता से जांचा जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए की दो टीमों और थाना पुलिस की एक टीम को लगाया है। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Also Read :

Exit mobile version