Last Updated: September 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

बसताड़ा टोल के पास स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र को कुचला

September 16, 2026

बसताड़ा टोल के पास स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र को कुचला

घरौंडा/करनाल : नेशनल हाईवे-44 पर बसताड़ा टोल के पास बुधवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र को कुचल दिया। जिसमें पिता की मौत हो गई और पुत्र घायल हो गया। हादसे से पहले स्कॉर्पियो ने आगे चल रही अर्टिगा कार को पीछे से टक्कर मारी थी। इसके बाद सामने से आ रही स्कूटी को चपेट में ले लिया। घटना के बाद चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को तुरंत अर्पणा अस्पताल में भर्ती करवाया।

वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बुधवार को स्कॉर्पियो पानीपत से करनाल की तरफ जा रही थी। उसके आगे एक अर्टिगा कार चल रही थी। बसताड़ा टोल के पास पहुंचते ही स्कॉर्पियो ने अर्टिगा को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद सामने से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी पर पिता-पुत्र सवार थे।

हादसे में करीब 40 वर्षीय मोहम्मद जाफर की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका 15 वर्षीय बेटा हर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। ये मेरठ के रहने वाले है और बसताड़ा टोल के पास किसी काम से आए थे।
अर्टिगा चालक परमजीत ने बताया कि वह पानीपत से करनाल की तरफ जा रहा था। सामने से दो लोग स्कूटी पर आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार काले रंग की स्कॉर्पियो आई और उसकी कार को टक्कर मार दी। इसके बाद स्कूटी सवारों को चपेट में लेते हुए आगे निकल गई। हादसे में उसकी कार भी पीछे से क्षतिग्रस्त हुई है।

पुलिस ने मृतक मोहम्मद जाफर के शव को कब्जे में लेकर करनाल के मोर्च्युरी हाउस भेज दिया। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। मधुबन थाना के एसआई लछमन सिंह ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। मृतक की पहचान मोहम्मद जाफर के रूप में हुई है। स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें