Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा के हिसार में एसडीएम मैडम का फरमान, सरकारी दफ्तर में जींस पहनने पर लगाई रोक, लागू कर दिया ड्रेस कोड

December 25, 2024

हरियाणा के हिसार में एसडीएम मैडम का फरमान, सरकारी दफ्तर में जींस पहनने पर लगाई रोक, लागू कर दिया ड्रेस कोड

हिसार: हरियाणा के हिसार में लेडी एचसीएस अधिकारी ने सरकारी कार्यालय में जींस पहनने पर रोक लगा दी है। अधिकारी ज्योति मित्तल ने मंगलवार को एसडीएम पद पर हिसार में कार्यभार संभाला है। उन्होंने दफ्तर में कर्मचारियों के जींस पहनने पर रोक लगाने का फरमान जारी कर दिया।

एसडीएम ने आदेश में कहा कि एसडीएम दफ्तर हिसार में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आदेशित किया जाता है कि ड्यूटी के दौरान औपचारिक परिधान (फॉर्मल ड्रेस) पहनना सुनिश्चित करें। जींस इत्यादि कार्यालय में ड्यूटी के दौरान ना पहनें। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी निर्धारित वर्दी पहनकर आएंगे। आदेशों की पालना दृढ़ता से की जाए।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एचसीएस अधिकारी ज्योति मित्तल ने मंगलवार को हिसार के उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने उपमंडल के विकास व प्रशासनिक कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।

अधिकारी ज्योति मित्तल ने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया है। उन्होंने सभी विभागों के समन्वय से विकास कार्यों को रफ्तार देने पर जोर दिया।

बता दें कि ज्योति मित्तल इसराना एसडीएम के पद से ट्रांसफर होकर हिसार आई हैं। इससे पहले ज्योति मित्तल नगराधीश रोहतक, हिसार में जिला परिषद अतिरिक्त सीईओ, खरखौदा व गुहला चीका में एसडीएम एवं हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की पहली महिला सचिव और चिकित्सा शिक्षा अनुसंधान विभाग पंचकूला में संयुक्त निदेशक जैसे पद संभाल चुकी हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें