Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

व्यापारी से धोखाधड़ी कर 31.50 लाख लेकर भागा नौकर काबू

May 6, 2025

व्यापारी से धोखाधड़ी कर 31.50 लाख लेकर भागा नौकर काबू

पानीपत: सीआईए वन पुलिस टीम ने आलू व्यापारी की कलेक्शन की 31 लाख 50 हजार रूपए की नगदी लेकर भागने वाले आरोपी नौकर को सोमवार को सिवाह बस अड्डा के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गुजरात के महसाना के कंथरावी निवासी राजेंद्र के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी से पैसे ठगने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। सीआईए वन प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में गुजरात के अहमदाबाद के रानीप गांव निवासी मुकेश चतुर भाई पटेल ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि वह आलू का व्यापारी है और पानीपत सेक्टर 11-12 में ऑफिस है। उसके पास गुजरात के महसाना के कंथरावी निवासी राजेंद्र पुत्र नटवर वाघेला डेढ़ साल से काम कर रहा है।

राजेंद्र हरियाणा के विभिन्न जिलों से आलू की पेमेंट कलेक्शन कर ऑफिस लेकर आता था। 18 अप्रैल को राजेंद्र हिसार व अन्य पांच छह जिलों में पेमेंट कलेक्शन करने गया था। दोपहर करीब 1 बजे राजेद्र ने उसे फोन पर बताया कि वह 31 लाख 50 हजार रूपए पेमेंट कलेक्शन कर सिवाह बस अड्डा पर पहुंच गया है। कुछ देर बाद उसने राजेंद्र को फोन किया तो राजेंद्र ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। उसका अब राजेंद्र से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। राजेंद्र अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसकी 31 लाख 50 हजार रूपए की पेमेंट लेकर भाग गया है। थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में मुकेश की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे। सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि पूछताछ में आरोपी राजेंद्र ने पुलिस को बताया उसको 10 हजार रूपए प्रतिमाह सैलरी मिलती थी। उसने काफी बार अपनी सैलरी बढ़ाने के लिए मालिक से बात की लेकिन सैलरी नहीं बढाई गई।

इस बात को लेकर उसकी मालिक के साथ कहासुनी भी हुई थी। इसकी रंजिश रखते हुए उसने अपने साथी गुजरात के गुंजाला गांव निवासी जसपाल व उसके एक अन्य साथी के साथ मिलकर मालिक के पैसे ठगने की साजिश रची। गत 18 अप्रैल को वह हिसार व अन्य जगहों से 31 लाख 50 हजार रूपए की पेमेंट कलेक्शन कर पानीपत सिवाह बस अड्डा पर पहुंचा। जहां उसे साथी आरोपी जसपाल अपने साथी के साथ मिला। बस अड्डा पर उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और तीनों कलेक्शन की राशि को लेकर गुजरात भाग गए थे। आरोपी राजेंद्र के हिस्से में 10 लाख 50 हजार रूपए आए थे। पुलिस ने मंगलवार को पूछताछ के बाद आरोपी राजेंद्र को न्यायाय में पेश किया। जहां से उसे 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस टीम धोखाधड़ी से ठगी गई नगदी बरामद करने व वारदात में शामिल फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

ये भी पढ़ें- देशभर में आज कितनी है LPG सिलेंडर की कीमत? जानें CNG और PNG के रेट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें