दादरी। हरियाणा के दादरी जिले में हुए सड़क हादसे में राष्ट्रीय शूटिंग खिलाड़ी की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गांव बिरही-मैहड़ा रोड पर इंदिरा कैनाल के पास हुआ। सामने से आए अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान गांव मैहड़ा निवासी 24 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त नृपेंद्र के साथ सोमवार शाम करीब सवा पांच बजे खेत से बाइक पर घर लौट रहा था। तभी अचानक सामने से आए वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने दोनों को दादरी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने विशाल को मृत घोषित कर दिया। नृपेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। मंगलवार को विशाल के शव का पोस्टमार्टम दादरी के नागरिक अस्पताल में करवाया गया।
परिजनों के अनुसार विशाल ने शूटिंग गेम में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। वह भारतीय शूटिंग टीम में चयन के अंतिम चरण में था। छह टेस्ट में से पांच पास कर चुका था और जल्द ही अंतिम टेस्ट देना था। विशाल हिसार की एक शूटिंग एकेडमी में अभ्यास करता था और पढ़ाई भी जारी रखे हुए था।
ये भी पढ़ें: गुरुग्राम में रेस्टोरेंट में हंगामा, केस खत्म कराने पहुंचे शख्स ने दिखाई रिवाल्वर

