Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

शॉर्टकट बना बाइक सवारों के लिए काल, दो युवकों की मौत

February 27, 2024

शॉर्टकट बना बाइक सवारों के लिए काल, दो युवकों की मौत

सिरसा: गांव खैरेकां के समीप रेलवे पुल पर गौरखधाम एक्सप्रैस की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस को घटनास्थल से दो बाइक मिले हैं। सूचना के बाद जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना शॉर्टकट से बाइक गुजारने के चलते हुई। मृतकों की पहचान गांव नथोर निवासी डिप्टी सिंह (45) व अमनदीप सिंह (25)के रूप में हुई है। दोनों युवक आपस में चचेरे भाई थे। जानकारी अनुसार गांव खैरेकां के समीप नेशनल हाईवे पर घग्गर पुल पर प्रशासन द्वारा किसानों के दिल्ली कूच को रोकने के लिए बैरिकेडस व अन्य अवरोधक लगाकर हाईवे को बंद किया हुआ है।

ऐसे में वाहन चालक या तो इधर-उधर गांवों से होकर निकलते हैं या फिर कच्चे रास्ते से रेलवे लाइन के ऊपर से होते हुए सिरसा में आते हैं। सोमवार को दो बाइकों पर सवार 4 युवक शॉर्टकट तरीके से घग्गर रेलवे पुल पर रेलवे ट्रैक के पास की जगह से बाइक गुजार कर सिरसा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सिरसा से बठिंडा जा रही गौरखधाम एक्सप्रैस आ गई। ट्रेन ने दोनों बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक बाइक पर सवार दोनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। एक युवक पटरी के बीच फंस गया तो वहीं दूसरे युवक के शव के कई हिस्से पुल के नीचे पड़े मिले।

वहीं दूसरे बाइक पर सवार युवकों का कोई पता नहीं चल पाया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक बाइक को पटरी पर छोड़कर छलांग लगा गए। लेकिन अभी तक पुलिस के पास इस बारे कोई जानकारी नहीं है। जीआरपी पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें