Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

सिख एक बहादुर कौम, सिख धर्म ने देश को दिए 10 महान गुरु : CM Nayab Singh Saini

December 27, 2024

सिख एक बहादुर कौम, सिख धर्म ने देश को दिए 10 महान गुरु : CM Nayab Singh Saini

कुरुक्षेत्र: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीर बाल दिवस के अवसर पर लोगों से गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों द्वारा दिए गए बलिदानों से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि सिख धर्म ने देश को 10 महान गुरु दिए और इन गुरुओं ने देश और समाज के लिए अनंत कुर्बानियां दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पावन धरा से श्री गुरु नानक देव जी सहित सभी गुरुओं का गहरा संबंध रहा है। हिन्द की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी के श्रद्धेय शीश को आनन्दपुर साहिब पहुंचाने के लिए अपना शीश देने वाले कुशाल दहिया हरियाणा के सोनीपत में बढखालसा गांव के निवासी थे।

हरियाणा के यमुनानगर स्थित कपालमोचन तीर्थ का उल्लेख करते हुए कहा कि यही से प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी ने सर्वधर्म समभाव के लिए लंगर, संगत और पंगत की अवधारणा शुरू की थी। वहीं पर भगाणी युद्ध के बाद श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी 52 दिन ठहरे थे और उन्होंने दस्तारबंदी की प्रथा शुरू की थी। इसी प्रकार जिला अम्बाला में लखनौर साहिब अकालपुरख श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी की ननिहाल थी। उनका वहां पर बचपन बीता। धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र और हरियाणा की अन्य क्षेत्रों में समय-समय पर 8 गुरुओं का आगमन हुआ। मुख्यमंत्री के ओएसडी डा.प्रभलीन सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदेशानुसार 26 दिसंबर को छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के साहस को श्रद्धांजलि देने के लिए पूरे देश में वीर बाल दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया।

सिखों के दसवें गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की शहादत को याद करने के लिए कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर राज्यस्तरीय वीर बाल दिवस कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज ने देश और समाज के लिए अपना सर्ववंश वार दिया। उनकी शहादत को युगों-युगों तक याद रखा जाएगा। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी कार्यकारिणी सदस्य बलजीत सिंह दादूवाल ने मेहमानों का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह असंध, उपायुक्त नेहा सिंह, पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, कुलसचिव डा. संजीव शर्मा, एचएसजीपीसी कार्यकारिणी सदस्य बीबी रविन्द्र कौर, वरिष्ठ सिख नेता गुलाब सिंह, वरिष्ठ सिख नेता कवलजीत सिंह अजराना, भाजपा जिला अध्यक्ष सुशील राणा, चेयरमैन धर्मवीर मिजापरुर, जिप चेयरमैन कंवलजीत कौर, जिप उपाध्यक्ष डीपी चौधरी, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुभाष कलसाना, मनदीप सिंह विर्क , निदेशक हरपाल सिंह चीका, रजवंत कौर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

ये भी पढ़ें: जीत के बावजूद अंकतालिका में दूसरे स्थान पर RCB, कोहली ने ऑरेंज कैप पर जमाया कब्जा, जानें किसके पास है पर्पल कैप

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें