Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Sirsa land allocation: 750 परिवारों को नए आशियाने के लिए मिलेंगे 100-100 गज के प्लॉट

July 16, 2024

Sirsa land allocation: 750 परिवारों को नए आशियाने के लिए मिलेंगे 100-100 गज के प्लॉट

सिरसा: हरियाणा में थेहड़ से विस्थापित 750 परिवारों को सिरसा में 100-100 गज के प्लॉट मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए सरकार ने 10 करोड़, 64 लाख, 88 हजार रुपए का बजट जारी कर दिया है। सरकार ने बजट की राशि डीसी ऑफिस सिरसा के एसबीआई खाते में जमा भी करवा दी है। कुछ ही दिनों में विस्थापित परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट मिल जाएंगे।

जिला प्रशासन ने उक्त परिवारों के लिए सलारपुर में 33 एकड़ जमीन अधिग्रहित कर ली है। यह जमीन ओम प्रकाश मेहता से खरीदी गई है। सरकार ने अभी तक मात्र 30 लाख रुपए दिए हैं, जबकि हलोपा सुप्रीमो और सिरसा विधायक गोपाल कांडा ने अपने कोष से एक करोड़ से अधिक की राशि दी है। सरकार ने यह जमीन 30 लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से खरीदी है। बता दें कि विस्थापित परिवार हुडा सेक्टर 19 स्थित हाउसिंग बोर्ड के फ्लैटों में सुविधाओं के अभाव में जीवन जी रहे हैं।

यहां पानी और बिजली की भारी समस्या है। विधायक गोपाल कांडा ने सड़क से विस्थापित परिवारों को प्लॉट दिए जाने का मुद्दा विधानसभा तक उठाया। सरकार द्वारा प्लॉट के लिए बजट राशि जारी किए जाने के बाद थेहड़ विस्थापित परिवारों में खुशी की लहर है और सभी विधायक गोपाल कांडा का आभार जता रहे हैं। गौरतलब है कि विधायक गोपाल कांडा ने विधानसभा में भी विस्थापित थेहड़ वासियों का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया था।

इस दौरान गोपाल कांडा ने सीएम से कहा कि थेहड़ से विस्थापित 750 परिवारों के लिए स्थायी आवास की व्यवस्था की जाए और सरकार यह गारंटी भी दे कि थेहड़ पर बसे अन्य परिवारों को बेदखल नहीं किया जाएगा। विधायक गोपाल कांडा ने सिरसा के 750 विस्थापित परिवारों के हक में आवाज उठाते हुए कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर इन परिवारों को यहां विस्थापित किया गया है। उन्हें वहां बिजली, पानी और सीवर कनेक्शन जैसी सुविधाएं भी नहीं दी जा रही हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें