Site icon Dainik Savera Times

मनमोहन नगर फायरिंग मामले में जानलेवा हमले के 6 आरोपी गिरफ्तार

पानीपत : पानीपत पुलिस ने मनमोहन नगर में फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिनव उर्फ फौजी निवासी धूप सिंह नगर, आशु निवासी वार्ड नंबर 11 सैनी कॉलोनी, आकाश व आसिफ निवासी भारत नगर, साहिल निवासी गली नंबर 3 किशनपुरा तथा रोहित निवासी पसीना खुर्द के रूप में हुई है।

उप पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने आज जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ एवं जांच की जिम्मेदारी सीआईए 2 प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल की टीम को सौंपी गई थी।

पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देते हुए मंगलवार देर शाम बरसत रोड से 6 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने मामले में नामजद तथा अन्य फरार साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रोहित का मनमोहन नगर में ऑफिस है।

दिन के समय किसी बात को लेकर उसका मनमोहन नगर में झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश के चलते रोहित ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई। इसके बाद सभी आरोपी शाम के समय बाइकों व गाड़ी में सवार होकर मनमोहन नगर पहुंचे और वहां फायरिंग कर वारदात को अंजाम दिया। डीएसपी मुकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से अभिनव, साहिल और आशु का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड होना पाया गया है।

आरोपी अभिनव के खिलाफ लड़ाई-झगड़े के 4 मामले, साहिल के खिलाफ 3 मामले तथा आशु के खिलाफ 1 मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल, 2 जिंदा रौंद तथा एक थार गाड़ी बरामद कर गिरफ्तार सभी 6 आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों का पता लगाकर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास करेगी।

Exit mobile version