Site icon Dainik Savera Times

हिरासत में युवक की मौत पर 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड, केस दर्ज कर जांच शुरू

Six Cops Suspended After Custodial Death : करनाल। सीआईए-2 की हिरासत में 32 वर्षीय जितेंद्र राणा उर्फ जैकी की मौत के मामले में एसपी करण गोयल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर प्रवीण शर्मा सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, परिजनों ने निष्पक्ष जांच और विसरा जांच हरियाणा से बाहर करवाने की मांग की है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।

मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जितेंद्र को घर से उठाकर लाने से लेकर हिरासत के दौरान हुई घटनाओं तक हर पहलू की जांच की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जाएगा। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में इंस्पेक्टर प्रवीण शर्मा, एएसआई राजेंद्र, हेड कांस्टेबल संदीप, एएसआई संजय, हेड कांस्टेबल प्रवीण और विकास शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मामले को लेकर मृतक के परिजनों और राजपूत समाज के लोगों में भारी रोष था। परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पोस्टमार्टम के बाद भी परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद डीएसपी गोरखपाल राणा सहित अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत की। प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई का लिखित आश्वासन देने और विसरा जांच हरियाणा से बाहर करवाने की मांग पर सहमति बनने के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए। इसके बाद जितेंद्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

राजपूत समाज के प्रतिनिधि वीरेंद्र राठौर ने कहा कि उनकी मांग है कि जितेंद्र की विसरा जांच हरियाणा से बाहर किसी दूसरे राज्य में करवाई जाए। चूंकि यह मामला पुलिस विभाग से जुड़ा है, इसलिए निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए यह जरूरी है कि जांच प्रक्रिया पर किसी तरह का सवाल न उठे। जितेंद्र की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस की ओर से हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही जा रही है, जबकि परिजनों ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, 11 नवंबर को सीआईए-2 के पांच से छह कर्मचारी जितेंद्र को उसके घर से अपने साथ ले गए थे। परिवार का आरोप है कि इसके बाद उन्हें उसकी हिरासत के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। 12 नवंबर को परिजनों ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में अवैध हिरासत को लेकर याचिका दायर की। परिजनों का दावा है कि हाईकोर्ट के आदेश पर सीआईए-2 कार्यालय पहुंचने पर इंचार्ज की ओर से लिखित में दिया गया कि जितेंद्र उनके पास नहीं है। परिवार ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद उसे अदालत में पेश नहीं किया गया।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि 13 नवंबर की रात जितेंद्र से मुलाकात के दौरान वह ठीक हालत में था। इसी दौरान परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों से खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवाए गए तथा हाईकोर्ट में दायर याचिका वापस लेने का दबाव बनाया गया। हालांकि, इन आरोपों की जांच होना बाकी है। मृतक के परिजनों ने सीआईए-2 के कुछ कर्मचारियों पर जितेंद्र के भाई शुभम को भी पांच से छह बार घर से उठाने और छोड़ने के बदले पैसे मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि इस वजह से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और उनकी करीब आधा एकड़ जमीन से होने वाली कमाई भी खर्च हो गई। परिजनों ने इन आरोपों की भी जांच करवाने की मांग की है।

Also Read : 

Exit mobile version