Site icon Dainik Savera Times

गढ़ी बलिंदा के सरकारी स्कूल में हादसा ; गेट का ऊपरी हिस्सा गिरने से छठी के छात्र यश की मौत

गन्नौर: क्षेत्र के गांव गढ़ी बलिंदा स्थित राजकीय विद्यालय में दोपहर एक दर्दनाक हादसे में छठी कक्षा के 11 वर्षीय छात्र यश की मौत हो गई, जबकि स्कूल का चौकीदार उदय सिंह घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब स्कूल के मुख्य गेट पर चढ़ी बेल की सफाई के दौरान गेट का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। घटना के बाद स्कूल परिसर और पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक यश, गांव गढ़ी बलिंदा निवासी सुभाष कश्यप का पुत्र था और गढ़ी बलिंदा के राजकीय विद्यालय में छठी कक्षा में गाँव बेगा में पढता था ।

वह अपने तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। यश के चाचा राकेश ने बताया कि बारिश के कारण गुरुवार को यश स्कूल नहीं गया था। इसी दौरान स्कूल का चौकीदार उदय सिंह परिसर में सफाई कर रहा था और मुख्य गेट पर लंबे समय से चढ़ी बेल को हटाने का प्रयास कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चौकीदार गेट के ऊपर चढ़कर बेल काट रहा था, जबकि यश नीचे मेज पकड़कर उसकी मदद कर रहा था। तभी अचानक गेट का ऊपरी हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया और दोनों उसके नीचे दब गए।

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने बताया कि यश के सिर, पेट और कमर में गंभीर चोटें आई थीं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के जिला शिक्षा अधिकारी, एसीपी विपिन अहलावत और थाना प्रभारी वीर सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने बताया कि गेट का ऊपरी हिस्सा गिरने से छात्र की मौत की सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची।

घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही का दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यश की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, गांव के लोगों ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Exit mobile version