Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

सोनीपत हाईवे पर भीषण हादसा, सब्ज़ी मंडी जा रहे दो किसानों की दर्दनाक मौत

October 9, 2025

सोनीपत हाईवे पर भीषण हादसा, सब्ज़ी मंडी जा रहे दो किसानों की दर्दनाक मौत

हरियाणा डेस्क: राष्ट्रीय राजमार्ग 334B पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पाँच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा पलड़ी कलां और खेवड़ा गाँव के बीच उस समय हुआ जब एक खड़ी पिकअप गाड़ी को पीछे से आ रहे तेज़ रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी।

सब्ज़ियाँ लेकर जा रहे थे दिल्ली की आज़ादपुर मंडी

हादसे का शिकार हुए लोग उत्तर प्रदेश के बागपत ज़िले के दोझा गाँव के रहने वाले थे, जो अपने गाँव से सब्ज़ियाँ लेकर दिल्ली की आज़ादपुर मंडी जा रहे थे। पिकअप वाहन को ललित नामक युवक चला रहा था। रास्ते में पिकअप का टायर पंक्चर हो गया, जिससे उसे सड़क किनारे रोकना पड़ा। ललित टायर ठीक कराने पास के गाँव गया, जबकि अन्य लोग पिकअप के अंदर ही बैठे रहे।

रात के अंधेरे में तेज रफ्तार कैंटर ने मारी टक्कर

रात लगभग 1 बजे पीछे से आ रहे एक तेज़ रफ्तार कैंटर ने खड़ी पिकअप को ज़ोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि पिकअप में बैठे साकिब (उम्र 18) और अक्षय (उम्र 16) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक दोझा गाँव के निवासी थे।

पाँच लोग घायल, पीजीआई रोहतक रेफर

हादसे में पिकअप में सवार रोज़ुद्दीन, काशिक, अरुण, आसिफ और आरिफ गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच, शवों का पोस्टमॉर्टम जारी

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। फिलहाल कैंटर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें