Site icon Dainik Savera Times

रेवाड़ी में बीच बाजार चले लाठी-डंडे, झाड़ू लगाने को लेकर दो व्यापारियों के बीच हुआ झगड़ा, 4 लोग घायल

रेवाड़ी: शहर में बीती रात पुरानी सब्जी मंडी में दो दुकानदारों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। दोनों तरफ से एक-दूसरे पर बीच सड़क वार किए गए, जिसमें 4 लोग घायल हुए हैं। उन्हें रात में ही अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों दुकानदार और उनके करिंदे आपस में एक-दूसरे पर लट्ठ बरसाते हुए नजर आ रहे है।

मिली जानकारी के अनुसार, शहर के मेन बाजार में स्थित पुरानी सब्जी मंडी में जगदम्बा आयरन एंड मशीनरी स्टोर के नाम से खुली हार्डवेयर की दुकान का एक नौकर रात करीब साढ़े 8 बजे दुकान के सामने झाडू लगा रहा था। इसी दौरान सामने खुली भल्ला लिक्विड शॉप के मालिक ने उसे टोक दिया।

व्यापारी का तर्क था कि झाडू के कारण धूल उड़ रही है, जिससे अन्य लोगों को परेशानी हो रही है। बस इसी बात को लेकर दोनों व्यापारियों के बीच विवाद पनप गया। पहले आपस में गाली-गलौज हुई। फिर दोनों पक्षों से कुछ अन्य लोग वहां पहुंच गए। इसी बीच एक पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला करना शुरू कर दिया। बीच सड़क पर करीब 20 मिनट तक हंगामा चलता रहा।

बीच बाजार में लाठी-डंडे चलने से बाजार में भारी भीड़ जमा हो गई। इस हमले में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। उन्हें शहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद पुलिस की टीम भी जांच के लिए पहुंची। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। बाजार में हुई इस घटना के कई वीडियो भी वायरल हुए हैं।

Exit mobile version