रोहतक: जिले में बीए फाइनल ईयर के छात्र की हत्या कर दी गई। इसके बाद उसके शव को बहुअकबरपुर थाना क्षेत्र में खेतों के पास जोहड़ में फेंक दिया गया। सोमवार सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस के मुताबिक, छात्र के गले और गर्दन पर चाकू से वार करके हत्या की गई है। दोनों जगह वार के कई निशान मिले है। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मौका ए वारदात पर जांच पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान गांव सिंहपुरा के विकास पुत्र सुरेश के रूप में हुई।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि छात्र 21 फरवरी को घर से कार लेकर निकला था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस में गुमशुदगी का केस भी दर्ज करवाया गया था। पुलिस एरिया में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। देखा जा रहा है कि युवक के साथ कौन-कौन था। मृतक विकास के पिता सुरेश सिंह ने बताया कि विकास बीए फाइनल ईयर का छात्र था। वह 21 फरवरी को सुबह करीब 11 बजे अपने दोस्त दीपक पुत्र राजू निवासी सिंहपुरा के साथ मदीना गांव जाने की बात कहकर घर से निकला था।
रास्ते में विकास को मामा दलबीर पुत्र जयलाल निवासी भिवानी चुंगी न्यू राजेंद्र कॉलोनी भी उसे गद्दी खेड़ी मोड़ पर मिला था। विकास ने मामा को भी मदीना गांव में जाने की बात कही थी। सुरेश सिंह के अनुसार, 21 फरवरी की रात तक विकास घर नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने उसे मोबाइल पर कॉल की, जो बंद मिला। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की तो रात 11 बजे विकास की गाड़ी गांव भराण में खड़ी मिली थी, लेकिन विकास का कोई सुराग नहीं लगा।
परिवार के लोग रात भर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन विकास को पता नहीं चल सका। 22 फरवरी को परिवार के लोग बहुअकबरपुर थाने पहुंचे और मामले की जानकारी दी। साथ ही विकास की गुमशुदगी भी दर्ज क राई। पुलिस ने भी उसके फोटो लेकर आसपास के थानों में भिजवाए, ताकि कोई जानकारी मिल सके। साथ ही उसकी तलाश भी शुरू कर दी। सोमवार सुबह विकास का शव जोहड़ में पड़ा मिला। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके कपड़ों की तलाशी ली। जेब से मिले कागजात के आधार पर पहचान होने पर उसके परिवार को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पिता सुरेश सिंह, मामा दलबीर मौके पर पहुंचे, जिनसे पुलिस ने विकास के बारे में जानकारी जुटाई।

