Last Updated: November 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

डिजिटल अरेस्ट कर रिटायर्ड अध्यापिका से सवा करोड़ ठगने वाले 2 बदमाश दबोचे

November 17, 2026

डिजिटल अरेस्ट कर रिटायर्ड अध्यापिका से सवा करोड़ ठगने वाले 2 बदमाश दबोचे

कैथल : फोन पर डिजिटल अरेस्ट करके एक रिटायर्ड अध्यापिका से 1 करोड़ 23 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। थाना साइबर क्राइम के इंस्पेक्टर संदीप कुमार की अगुवाई में एसआई सुरेंद्र, एसआई रविंद्र सिंह, एएसआई प्रदीप कुमार, एएसआई दयानंद व एचसी कृष्ण कुमार की टीम द्वारा आरोपी सेक्टर-1 गाजियाबाद यूपी निवासी पीयूष तिवारी व गांव मस्कद बरारीपुर जिला भागलपुर बिहार निवासी पंकज को काबू कर लिया गया।

कैथल निवासी एक महिला की शिकायत के अनुसार 3 नवंबर को उसके मोबाइल पर एक फोन आया। फोनकर्ता ने उसे बताया कि उसके नाम पर केनरा बैंक में खाता है, जिसमें फ्रॉड का पैसा आया है और उसके खिलाफ शिकायतें प्राप्त हुई हैं। उसने केनरा बैंक में कोई खाता होने से मना किया तो फोनकर्ता ने उसे गिरफ्तार करवाने की धमकी दी। इसके बाद 4 नवंबर को व्हाट्सएप से फोन आया। फोनकर्ता ने खुद को पुलिस अधिकारी विजय खन्ना बताते हुए उसके नाम गिरफ्तारी वारंट जारी होने की बात कही तथा व्हाट्सएप पर सरकारी मोहर लगा फर्जी वारंट भेज दिया।

आरोपियों ने उसे डिजिटल अरेस्ट करने की बात कहकर कैमरे के सामने रहने तथा किसी से बात नहीं करने की हिदायत दी। इसके बाद आरोपियों ने व्हाट्सएप से राहुल गर्ग नामक फर्जी एडवोकेट को उसके सामने पेश किया और वीडियो कॉल के माध्यम से फर्जी कोर्ट की सुनवाई करवाई। फर्जी कोर्ट द्वारा उसे बताया गया कि जांच के लिए उसे अपनी सारी बैंक राशि सरकारी बैंक खाते में जमा करवानी होगी तथा निर्दोष पाए जाने पर उसकी पूरी राशि वापस कर दी जाएगी। आरोपियों के झांसे में आकर उसने अपनी एफडी तुड़वाकर 33 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए।

इसके बाद उसने अपने किसान विकास पत्रों की करीब 90 लाख रुपये की राशि एसबीआई खाते में ट्रांसफर करवाई तथा 7 नवंबर को 50 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से बताए गए खाते में भेज दिए। इसके अतिरिक्त 40 लाख रुपये बंधन बैंक खाते में ट्रांसफर करने के लिए भी कहा गया। आरोपियों द्वारा लगातार वीडियो कॉल के माध्यम से उस पर निगरानी रखी जा रही थी तथा फर्जी दस्तावेज भेजे जा रहे थे। 8 नवंबर को उसका बेटा घर आया तो उसने उसे सारी बात बताई। बेटे ने फोनकर्ता से बातचीत की तो उसने इसे साइबर फ्रॉड बताया। इस बारे थाना साइबर क्राइम कैथल में मामला दर्ज कर लिया गया। मामले में आरोपी 13 नवंबर को आरोपी पंकज को मुजफ्फरपुर जिला बिहार से काबू कर लिया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें