कैथल: भरोसेमंद कर्मचारी ही मालिक के साथ विश्वासघात कर बैठे तो नुकसान का अंदाजा करोड़ों तक पहुंच सकता है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है जहां प्रॉपर्टी डीलर की फर्म में काम करने वाले कर्मचारी ने उसके साथ मिलकर जमीन सौदे के नाम पर करीब 15 करोड़ रुपये की ठगी कर दी। पीड़ित पिंजौर पंचकूला निवासी राधा कृष्ण की शिकायत पर हरसौला निवासी सुनील कुमार, उसका भाई अनिल कुमार और पत्नी सोनिया के खिलाफ सिविल लाइन थाना कैथल में केस दर्ज किया गया है।
शिकायत के मुताबिक, सुनील कुमार साल 2012 से 2021 तक राधा कृष्ण की फर्म में काम करता था और उसे जमीन खरीद-फरोख्त से लेकर पैसों के लेन-देन की पूरी जिम्मेदारी सौंपी जाती थी। इसी भरोसे का फायदा उठाकर सुनील ने 2020 में मालिक को बताया कि हरसौला और प्योदा गांव में किसानों की 120 एकड़ जमीन बिकनी है। इस बहाने उसने पहले 20 लाख रुपये बयाने के लिए लिए और बाद में धीरे-धीरे करोड़ों रुपये फर्म के खाते से निकाल लिए।

