
ऊना: चिंतपूर्णी मंदिर क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मंदिर के समीप शीला भवन के पास स्थित पार्किग में खड़ी श्रद्धालुओं की एक कार अचानक चल पड़ी और करीब 20 से 30 फुट नीचे उतरते हुए तलवाड़ा बाईपास सड़क पर जा पहुंची। इस दौरान सड़क के दूसरी ओर खड़ी एक एचपी नंबर की अल्टो कार और एक स्कूटर को नुकसान पहुंचा। हरियाणा के कैथल जिले से आए श्रद्धालु चिंतपूर्णी माता के दर्शन के लिए पहुंचे थे।
उन्होंने अपनी क्रेटा गाड़ी शीला भवन की पार्किग प्में खड़ी की और मंदिर दर्शनों के लिए चले गए। कुछ समय बाद अचानक गाड़ी अपने आप चल पड़ी और ढलान के सहारे नीचे उतरते हुए सड़क पर खड़े वाहनों से टकरा गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय न तो गाड़ी में कोई व्यक्ति मौजूद था और न ही सड़क पर कोई श्रद्धालु या राहगीर इसकी चपेट में आया, जिससे किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही चिंतपूर्णी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। चिंतपूर्णी थाना प्रभारी जयराम शर्मा ने बताया कि गाड़ी का ड्राईवर हैंड ब्रेक लगानी भूल गया जिससे गाड़ी अपनी जगह से चल पड़ी। पुलिस ने बताया कि दोनों गाड़ियों के मालिकों के बीच आपसी समझौते होने के कारण किसी भी तरह का मामला नहीं दर्ज किया गया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...