Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

नेपाल में भी गूंजेगा प्राकृतिक खेती का संदेश, गुरुकुल कुरुक्षेत्र पहुंचे 50 किसान

October 6, 2026

नेपाल में भी गूंजेगा प्राकृतिक खेती का संदेश, गुरुकुल कुरुक्षेत्र पहुंचे 50 किसान

कुरुक्षेत्र : गुरुकुल कुरुक्षेत्र का प्राकृतिक कृषि फार्म अब केवल भारत ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्राकृतिक खेती के एक प्रमुख प्रशिक्षण केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। गुजरात के महामहिम राज्यपाल आचार्य देवव्रत द्वारा प्राकृतिक खेती को जन-जन तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का प्रभाव अब पड़ोसी देशों में भी दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में नेपाल से कृषि विशेषज्ञों एवं 50 प्रगतिशील किसानों का प्रतिनिधिमंडल प्राकृतिक खेती की विधिवत प्रशिक्षण लेने के लिए गुरुकुल कुरुक्षेत्र पहुंचा।

भारत सरकार एवं नेपाल सरकार के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान नेपाली किसानों ने पांच दिनों तक गुरुकुल के प्राकृतिक कृषि फार्म में प्राकृतिक खेती की विभिन्न तकनीकों, प्रक्रियाओं एवं प्रयोगों को नजदीक से देखा और समझा। किसानों ने प्राकृतिक खेती के व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक पक्षों की जानकारी प्राप्त करते हुए अपनी विभिन्न जिज्ञासाओं और शंकाओं का विशेषज्ञों से समाधान भी कराया।

गुरुकुल पहुंचने पर प्रधान राजकुमार गर्ग एवं व्यवस्थापक रामनिवास आर्य ने नेपाल से आए प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में कृषि अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद यादव, सपना खापुंग, झराना उपाध्याय एवं हेमलाल बुसाई सहित प्रगतिशील किसान एवं कृषि सखियां शामिल रहीं। पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान कृषि विशेषज्ञ पद्मश्री डॉ. हरिओम, डॉ. बलजीत सहारण, डॉ. शुवेन्दु एवं डॉ. गगनदीप सिंह ने किसानों को प्राकृतिक खेती की विभिन्न विधियों एवं घटकों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

पद्मश्री डॉ. हरिओम ने प्राकृतिक खेती को वैज्ञानिक दृष्टि से किसान हितैषी बताते हुए कहा कि आने वाला समय प्राकृतिक खेती का है। रासायनिक खेती से होने वाले दुष्प्रभावों को कम करने के लिए किसानों को प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को अपनाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ जल, उपजाऊ भूमि और सुरक्षित खाद्य व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें