Site icon Dainik Savera Times

गांव मानस में हुए जानलेवा हमला मामले में थाना सदर पुलिस ने 3 आरोपी किए गिरफ्तार

कैथल : थाना सदर कैथल पुलिस ने गांव मानस में हुए जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव मानस निवासी अंकुश ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 4 मार्च को फाग उत्सव के दौरान वह अपने साथी विक्की और सुनील के साथ कार में सवार होकर अपने घर जा रहा था। जब वे गांव के पंचायत घर के पास पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने मोटरसाइकिल लगाकर उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया।

शिकायतकर्ता के अनुसार जब उसने गाड़ी निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने मोटरसाइकिल आगे लगाकर रास्ता बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी अपने घरों से गंडासी, डंडे व अन्य हथियार लेकर आए और उस पर तथा उसके साथियों पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने अंकुश के सिर पर गंडासी से कई वार किए, जिससे उसके जबड़े, नाक और आंख के आसपास गंभीर चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल अंकुश मौके पर ही बेहोश हो गया।

हमलावर उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। बाद में गांव के एक व्यक्ति ने उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। मामले में थाना सदर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार थाना सदर के एसएचओ एसआई कुलदीप के नेतृत्व में एएसआई प्रदीप कुमार की टीम ने जांच करते हुए गांव मानस निवासी रोहित, चेतन तथा राजेश उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की पूछताछ जारी है।

Exit mobile version