अंबाला : अम्बाला छावनी के प्रीत नगर इलाके में आज सुबह दो बहनों के संदिग्ध रूप से मृत पाए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह घर से उठ रही तेज़ दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों ने 112 पर सूचना दी, जिसके बाद महेश नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसएचओ जितेंद्र ढिल्लों ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक दोनों बहनें लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच हैं। उनकी पहचान स्थानीय रूप से सगी बहनें बताई जा रही है।
पड़ोसियों की बातें सुनी जाएँ तो दोनों बहनें वर्षों से इसी मकान में रहती थीं और उनके माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। पड़ोसियों ने यह भी बताया कि पिछले 15–20 दिनों से मकान में किसी प्रकार की हलचल नहीं थी। प्राथमिक जानकारी में यह भी बताया गया कि दोनों बहनों में से एक मानसिक रूप से परेशान बताई जाती थी, जबकि दूसरी कभी-कभी हल्का-फुल्का काम करती रहती थी।
जानकारी मिलने पर पुलिस ने घर का गेट खोलकर अंदर प्रवेश किया, जहां से तेज़ दुर्गंध आ रही थी। घर के अंदर एक बहन का शव बिस्तर पर तथा दूसरी का शव फर्श पर पड़ा मिला। पुलिस ने दोनों शवों को नागरिक अस्पताल, अंबाला छावनी भेजकर पोस्टमार्टम करवा दिया है। एसएचओ ने कहा कि अभी तक दोनों मृतकाओं के किसी परिजनों या वारिस का पता नहीं चला है। मौत का कारण और समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फोरेंसिक जांच के बाद स्पष्ट होंगे।
पुलिस मृतकाओं की पहचान और मृत्यु की वास्तविक वजह स्थापित करने के लिए पड़ोसी, आसपास के लोगों व संभावित रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। महेश नगर थाना मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और आवश्यक साक्ष्य इकट्ठा किए जा रहे हैं। शहर वासियों से भी अपील की गई है कि यदि किसी के पास इन संबंध में कोई जानकारी हो तो पुलिस से संपर्क करें।

