
ढांड : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत शिरोमणि संत गुरु रविदास जी की शिक्षाएं सदियों से मानवता का मार्गदर्शन कर रही हैं। उनकी प्रतिमा स्थापित करना उनके विचारों, जीवन-मूल्यों और दिखाए गए मार्ग को अपने हृदय में उतारने का संकल्प है। संत रविदास ने बेगमपुरा के रूप में ऐसे नगर की कल्पना की थी जहां दुख, अन्याय और भेदभाव का कोई स्थान न हो। राज्य सरकार इसी समरसता और अंत्योदय की भावना से कार्य कर रही है। अपने जीवन में मानव सेवा, अंत्योदय और सामाजिक समरसता की भावना पैदा करके हम संत शिरोमणि गुरु रविदास जी को सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं।
सीएम नायब सैनी बृहस्पतिवार को जिले के गांव जडौला में आयोजित संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के प्रतिमा स्थापना समारोह को संबोधित करते हुए कही। समारोह में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा के पूर्व सांसद एवं कार्यक्रम संयोजक ईश्वर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में संत गुरु रविदास जनकल्याण समिति को 31 लाख रुपये देने की घोषणा की।
पूर्व सांसद ईश्वर सिंह ने संत गुरु रविदास की जीवनी को पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की जिस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत-महापुरुषों ने सदैव समाज को सत्य, सेवा, सद्भाव और भाईचारे का मार्ग दिखाया है। संतों में शिरोमणि माने जाने वाले संत गुरु रविदास की शिक्षाएं समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और समरसता को मजबूत करना चाहिए।
उन्होंने इस पावन अवसर पर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और संत-महापुरुषों को नमन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरु रविदास के विचारों के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना व समाज का कल्याण हमारी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि गुरु रविदास की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में समरसता की भावना के प्रसार हेतु कुरुक्षेत्र के उमरी में लगभग 5 एकड़ भूमि पर 124 करोड़ रुपये की लागत से भव्य गुरु रविदास धाम का निर्माण करवाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे संत-महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज में भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि एकजुट और जागरूक समाज ही मजबूत हरियाणा के निर्माण का आधार है। मुख्यमंत्री ने मूर्ति स्थापना समारोह के आयोजकों और क्षेत्रवासियों को इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन के लिए बधाई दी। केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, भाईचारे और मानव कल्याण का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं।
भारतीय संविधान में निहित स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे की भावना भारतीय दर्शन और संत परंपरा से प्रेरित है। कार्यक्रम में हलका पूंडरी विधायक सतपाल जांबा, भाजपा प्रदेश महामंत्री सत्य प्रकाश जरावता, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर, भाजपा जिला अध्यक्षा ज्योति सैनी, कमलेश ढांडा, लीला राम, मनीष कठवाड, विजेंद्र मैहला, सरपंच प्रतिनिधि संदीप कालू जड़ौला सहित उपस्थित थे। जिला प्रशासन की ओर से डीसी अपराजिता, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन, एडीसी डा. सुशील कुमार मौजूद रहे। डीसी अपराजिता ने समारोह स्थल पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत किया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...