Site icon Dainik Savera Times

महिला ने अपने 3 बच्चों को फंदे पर लटका कर खुद को भी फांसी लगा ली

गोहाना : मुंडलाना गांव में एक महिला ने अपने तीन बच्चों को फंदे पर लटकाकर खुद को भी फांसी लगा ली। इस घटना की जानकारी उस समय लगी, जब महिला के शिक्षक पति ड्यूटी से घर लौटे। दोनों कमरों में बच्चों व महिला के शव देख सभी के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस व एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने मौके से पति के नाम सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसमें महिला ने माफी मांगते हुए मानसिक तनाव का जिक्र किया है। घटना के बाद परिवार व गांव में मातम छा गया। मुंडलाना गांव निवासी ओमवीर के दो बेटे हैं। उसके बेटे जयदीप जेबीटी शिक्षक हैं और रिंकू खेती करता है। जयदीप की ड्यूटी पानीपत के मतलौडा क्षेत्र में स्थित सेहरा गांव के स्कूल में है। वे शनिवार को रोजाना की तरह स्कूल में ड्यूटी पर गए थे।

इसके बाद दोपहर बाद करीब तीन बजे वापस घर आए तो ऊपर के दोनों कमरे बंद मिले। इनमें एक कमरे पर ताला लगा था, जबकि दूसरा अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से ताला तोड़े तो उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। कमरों में जयदीप की पत्नी रिमा (38), बेटी रिहाना (11), आरजू (7) व बेटे दुष्यंत (4) का शव फंदे पर लटके मिले।

इससे पहले पड़ोस के लोगों ने रिमा को करीब डेढ़ बजे गली में पानी भरते हुए देखा था। आशंका जताई जा रही है कि रिमा ने पहले बेटी आरजू व रिहाना को फांसी पर लटकाकर बाहर से कमरे का ताला लगा दिया।

इसके बाद दूसरे कमरे को अंदर से बंद करके बेटे को फंदा लगा और फिर खुद फांसी पर लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के समय जयदीप के पिता, भाई रिंकू पत्नी व दो बच्चों के साथ खेत गए थे, जबकि उनकी मां मायके गई हुई थी। इस घटना के बाद एसीपी राजीव सिंह व सदर थाना की पुलिस के साथ एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया।

Exit mobile version