Site icon Dainik Savera Times

यमुनानगर में सूने मकान के ताले तोड़कर जेवरात व नकदी उड़ा ले गए चोर

यमुनानगर (Thieves broke into a vacant house): शहर की महावीर कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार चंडीगढ़ में रिश्तेदारी में गया हुआ था, इसी दौरान रात के समय चोरों ने मकान के ताले तोडकर अंदर प्रवेश किया और नगदी सहित सोने-चांदी के कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया है। महावीर कॉलोनी निवासी राकेश उर्फ रिंकू ने बताया कि वह कपड़े का व्यापारी है। 27 दिसंबर को वह अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ रिश्तेदारी में गया हुआ था। घर को विधिवत तरीके से ताला लगाकर बंद किया गया था।

राकेश ने बताया कि उसका भाई रात करीब 7 बजे घर पर आया था। उसने फ्रिज बंद किया, ताले चेक किए और फिर अपने घर वापस चला गया। इसके बाद पूरी रात घर बंद ही रहा। सुबह जब पड़ोसियों और परिजनों ने देखा कि मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है, तो उन्होंने तुरंत फोन कर इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही राकेश तुरंत चंडीगढ़ से यमुनानगर पहुंचा और मामले की जानकारी रामपुरा चौकी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित के अनुसार चोर घर से तीन सेट सोने के गहने, 6 सोने की अंगूठियां, पांच जोड़ी सोने के टॉप्स, सोना-चांदी के अन्य जेवरात और बच्चों के सोने के आभूषण चोरी कर ले गए।

इसके अलावा घर में रखे करीब 15 हजार रुपये नकद भी चोर अपने साथ ले गए। चोरों ने नीचे और ऊपर दोनों मंजिलों पर कमरों को पूरी तरह खंगाला और अलमारियों के ताले तोड़ दिए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घर के अंदर और आसपास से साक्ष्य जुटाए। रामपुरा पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है और लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Exit mobile version