Site icon Dainik Savera Times

रेवाड़ी: बावल में नव वर्ष पर चोरों ने 7 दुकानों व एक मंदिर का तोड़ा ताला

रेवाड़ी : बावल क्षेत्र में चोरी की वारदातों से दहशत का माहौल है। बीती रात चोरों ने एक के बाद एक कई घटनाओं को अंजाम देते हुए लगभग सात दुकानों और एक मंदिर को निशाना बनाया। चोर शटर कटर से दुकानों के शटर काटकर अंदर घुसे और लाखों रुपए का सामान व नगदी चोरी कर मौके से फरार हो गए। चोरों ने गांव मल्लूवास की 6 दुकानों में गांव नांगल तेजू बस स्टैंड स्थित दुकान व झाबुआ रोड स्थित ढाणी अहीर के शिव मंदिर के दान पात्र को तोड़कर नगदी चोरी की। एक ही रात में इन सभी स्थानों को निशाना बनाए जाने से लोगों में भय और आक्रोश दोनों है।

लगभग सभी घटनास्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में तीन संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं, जो रात के समय दुकानों के शटर काटते और मंदिर में घुसते नजर आ रहे हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस 112 और बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संभावित रास्तों पर नाकाबंदी कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि रातों-रात हमारी मेहनत की कमाई चोरी हो गई।

लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। पुलिस से मांग है कि जल्द से जल्द चोरों को पकड़ा जाए। वहीं ढाणी अहीर के लोगों ने कहा दान पात्र तोड़कर चोरी करना आस्था पर हमला है। यह केवल चोरी नहीं बल्कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना है। लगातार हो रही चोरियों से पूरे बावल क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों और व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने, पुलिस पेट्रोलिंग मजबूत करने और सीसीटीवी निगरानी सख्त करने की मांग की है।

Exit mobile version