Site icon Dainik Savera Times

विवाह में शामिल होने गए कपड़ा व्यापारी के घर चोरों ने किया हाथ साफ़, 42 लाख के जेवरात और नकदी ले उड़े

नांगल चौधरी: शहर के निजामपुर रोड़ पर स्थित कपड़ा व्यापारी सुनिल कुमार तथा अनिल कुमार के मकानों में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी करके करीब 42 लाख के जेवराहत तथा 1.50 लाख नकदी चुरा ले गए हैं। पीड़ित शिकायत पर घटना स्थल पहुंची पुलिस मौका निरीक्षण किया तथा वारदात के साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाई गई। दोपहर तीन बजे तक छानबीन करके पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके खोजबीन आरंभ कर दी है। पीड़ित सुनिल कुमार और अनिल कुमार ने कपड़े का शोरूम खोल रखा है। 11 दिसंबर को बहन की शादी निर्धारित थी, जिसमें शामिल होने के लिए सुबह 9 बजे मकानों के सभी कमरों तथा प्रवेश गेट पर ताला लगाकर नीमकाथाना रवाना हुए थे।

रात की शादी की विभिन्न रस्में पूरी करके सुबह 6 बजे वापस नांगल चौधरी मकान पर पहुंचे थी। प्रवेश गेट खोलते ही उन्हें सभी कमरों के दरवाजे खुले हुए मिले। जिस पर उन्हें चोरी की वारदात होने का अंदेशा हो गया था, जिस कारण सभी कमरे तथा अलमारी का तत्परता से अवलोकन किया। इस दौरान कपड़े और अन्य सामान यथावत रखा हुआ पाया, लेकिन अलग-अलग अलमारी में रखे दोनों भाइयों के 150-150 ग्राम सोने और आधा किलोग्राम चांदी के गहने गायब मिले हैं। इसके अलावा 1.50 लाख से अधिक नकदी चोरी हुई है। पीड़ितों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी, मौके पर पहुंचे थाना इंचार्ज भगत सिंह ने मौका निरीक्षण किया।

जिसमें विनायक गॉर्डन की तरफ से दीवार को फांदकर चोर मकानों में घुसने की पुष्टि हुई है। थाना इंचार्ज ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया तथा फोरेंसिक टीम भेजने का आग्रह किया। इसके बाद करीब एक बजे फोरेंसिक टीम घटना स्थल पहुंची तथा दरवाजे व अन्य प्वाइंटों से चोरों के फिंगर प्रिंट लिए हैं। प्रथम दृष्टया आरोपियों ने वारदात से पहले मकानों की रैकी की है इसलिए उन्होंने बिना सामान को इधर-उधर बखेरे केवल अलमारी में रखे नकदी और गहनों पर हाथ साफ किया है। वारदात के बाद शहर में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। एकत्रित व्यापारियों ने वारदात को जल्द ट्रेस करने की गुहार लगाई है।

ये भी पढ़ें- UP Cabinet Meeting: ‘11.92 लाख शिक्षकों को कैशलेस इलाज की सुविधा’, योगी सरकार की बड़ी सौगात

Exit mobile version