
चंडीगढ़ : नूह हिंसा के बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए सर्च अभियान तेज कर दिया है। आरोपियों के ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही पुलिस ने तीसरी मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है। आरोपी ओसामा उर्फ पहलवान पर नूह हिंसा के दौरान साइबर थाना नूह में आगजनी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को नल्हड़ अस्पताल में दाखिल कराया है। जिसका इलाज चल रहा है। अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि आरोपी के पैस का ऑपरेशन करके गोली निकाल दी है। पुलिस अब तक 61 एफआईआर दर्ज करके 292 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के मुताबिक फरार होने की फिराक में था आरोपी : साइबर क्राइम थाना नूह के निरीक्षक विमल को सूचना मिली कि नल्हड़ आगजनी का आरोपी बाइक से गांव फिरोजपुर नमक से आली मेव जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी। इस दौरान आरोपी ओसामा निवासी फिरोजपुर नमक नूह के पैर में गोली लग गई। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी फरार होने की फिराक में था, लेकिन मुठभेड़ के बाद उसे काबू कर लिया गया।
आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, एक खाली राउंड व एक मोटर साइकिल भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ओसामा 31 जुलाई को नूह में हुई हिंसा के दौरान बस स्टैंड, झंडा चौक, अडबर चौक, नल्हड मंदिर व थाना साइबर क्राइम नूह में हुई तोड़फोड़ व आगजनी में शामिल था। जिसके पास अवैध असलाह भी है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...