Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

मिठाई की दुकान पर फायरिंग कर रंगदारी मांगने के तीन आरोपी अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार

January 13, 2026

मिठाई की दुकान पर फायरिंग कर रंगदारी मांगने के तीन आरोपी अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार

पानीपत: पानीपत पुलिस ने समालखा की गुड मंडी में मिठाई की दुकान पर फायरिंग व रंगदारी मांगने की वारदात का पदार्फास कर तीन आरोपियों को अवैध हथियारों सहित काबू करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपियों की पहचान बिहौली निवासी निखिल उर्फ लाखन, डाहर निवासी प्रिंस व नारायणा निवासी वंश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 देसी पिस्तौल व 2 जिंदा रौंद बरामद किए हैं। एएसपी हर्षित गोयल ने जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर विजय व उनकी टीम को आरोपियों की पहचान व धरपकड़ की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

सीआईए की टीम ने वारदात स्थल के आसपास विभिन्न स्थानों पर लगे 50 से ज्यादा सीसीटीवी की फुटेज को खंगालने के साथ ही अपने सभी सोर्स एक्टिव कर आरोपियों की धरपकड़ में जुटी थी। इसी बीच सीआईए थ्री टीम को सोमवार देर शाम को बुडशाम नहर पूल के पास आरोपियों के होने बारे गुप्त सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर तीनों आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ काबू करने में कामयाबी हासिल की। तीनों आरोपियों ने पूछताछ में उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से खुलासा हुआ आरोपी निखिल की डाहर गांव निवासी सुनील उर्फ शीलू के साथ काफी समय से दोस्ती है। आरोपी निखिल ने पूछताछ में पुलिस को बताया उसने अपना व सुनील उर्फ शीलू का दबदबा बनाने के लिए साथी आरोपी प्रिंस व वंश के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी निखिल ने साथी आरोपी प्रिंस व वंश को 50.50 हजार रूपए देने का प्रलोभन देकर वारदात को अंजाम देने के लिए तैयार किया और तीनों आरोपियों ने मिलकर 6 जनवरी की देर शाम हथियारों से लैस होकर समालखा गुड मंडी में मिठाई की दुकान पर फायरिंग व रंगदारी मांगने की वारदात को अंजाम दिया। एएसपी हर्षित गोयल ने बताया कि आरोपी निखिल का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है।

आरोपी के खिलाफ मारपीट, लड़ाई झगड़ व जबरन वसूली के चार मामलें दर्ज हैं। इनमें 3 मामलों में आरोपी पीओ घोषित है। पुलिस ने आज तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही पता लगाएगी वारदात में प्रयुक्त हथियार कहा से लेकर आए और वारदात में इनका और कोन साथी शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें