Site icon Dainik Savera Times

विदेश भेजने के नाम पर 3 लोगों से 35.41 लाख की ठगी, 5 लोग नामजद

यमुनानगर : विभिन्न थानों की पुलिस ने ठगी के पांच नए मामले दर्ज किए हैं। इनमें पहले से कई मामलों में नामजद ग्लोबल इंफोटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के तीन लोगों पर भी मामला दर्ज किया है। इन लोगों पर खेड़ी रांगड़ान गांव के मुश्ताक ने 7.5 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया। इसी तरह, मारवाकलां गांव के सुभाषचंद ने लाडवा के अंकित, अमित, ज्योतिमनोहर पर 4,36,850 रुपये, ढलौर गांव के सुरेंद्र ने रमनदीप व प्रविंद्र कौर पर 24 लाख रुपये और ठसका निवासी रानी देवी ने नारायणगढ़ टपरियां के कुलदीप पर ठगी का आरोप लगाया। इन पांच मामलों में पुलिस ने शिकायतों पर धोखाधड़ी के आरोप में नौ लोगों को नामजद कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस को दी शिकायत में खेड़ी रांगड़ान गांव निवासी मुश्ताक ने बताया कि वह अपने बेटे मोहम्मद साहिल को विदेश भेजकर नौकरी दिलाना चाहते थे। इसके लिए मई 2025 में कन्हैया साहिब चौक के पास स्थित ग्लोबल इंफोटेक प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में संपर्क किया। यहां कंपनी के संचालक अजय कुमार, प्रदीप सिंह व तरनप्रीत सिंह मिले। इन लोगों ने बताया था कि कंपनी का मुख्य कार्यालय जीरकपुर (पंजाब) में है। साथ ही कहा कि कंपनी का आस्ट्रेलिया की कई कंपनियों से करार है और वे उसके बेटे को वर्क वीजा पर आस्ट्रेलिया भेजकर नौकरी दिलवा देंगे। इसका 20 लाख रुपये खर्च बताया।

इसके बाद सात लाख पांच हजार रुपये मेडिकल, प्रोसेसिंग फीस व अन्य खर्च के नाम पर लिए। साथ ही बेटे का असली पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज भी ले लिए। 10 जून 2025 को इन लोगों ने फोन कर बताया कि बेटे का ऑस्ट्रेलिया का वीजा लग गया है और दिल्ली से फ्लाइट है। दिल्ली के महिपालपुर स्थित शांति पैलेस होटल में बुलाया। वहां पहुंचने पर पता चला कि होटल में कंपनी की ओर से कोई बुकिंग नहीं है। अजय, प्रदीप सिंह व तरनप्रीत के मोबाइल फोन भी बंद थे। दिल्ली से लौटने पर कंपनी के कार्यालय पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। तब खुद से ठगी का पता चला और शिकायत पुलिस को दी। जांच अधिकारी राकेश ने कहा कि शिकायत पर आरोपितों को धोखाधड़ी के आरोप में नामजद कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version