जींद: हरियाणा के जींद में गोहाना रोड बाईपास पर पिंडारा पुल के पास शुक्रवार को बाइक सवार दंपती और ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के बीच हाथापाई हो गई। इसमें एएसआई जगबीर सिंह की वर्दी फट गई और वह घायल हो गए। इधर, दंपती ने पुलिस कर्मियों पर मारपीट और बदसलूकी का आरोप लगाया है। सिविल लाइन पुलिस ने एएसआई जगबीर की शिकायत पर पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को गांव जुलानी निवासी मोटरसाइकिल सवार दंपती अपने बेटे के साथ गोहाना रोड से आ रहे थे।
उस दौरान ट्रैफिक पुलिस पिंडारा पुल के नीचे वाहनों के कागजात चेक कर रही थी। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था, इसलिए पुलिस ने दंपती को रुकने का इशारा किया। दंपती का आरोप है कि मोटरसाइकिल रोकते ही पुलिस कर्मचारी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। इसमें युवक भी घायल हो गया और पुलिस कर्मी को भी मामूली चोटें आई हैं। ट्रैफिक थाना शहरी प्रभारी सुल्तान सिंह ने बताया कि युवक हेलमेट नहीं पहने हुए था और बाइक चला रहा था।
उसके आगे एक छोटी बच्ची बैठी थी। जब उसे रोककर कागजात मांगे गए तो वह उनसे उलझ गया। दंपती ने एएसआई जगबीर के साथ मारपीट करते हुए उसकी वर्दी भी फाड़ दी। जगबीर सिंह घायल हो गया है और उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दंपती के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, वर्दी फाड़ने और हाथापाई करने का मामला दर्ज किया है। दंपती का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की और मारपीट की, जबकि उनकी कोई गलती नहीं थी।

